ऐलनाबाद। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने आज पुलिस लाइन सिरसा के प्रशासनिक भवन में जिला के सभी पर्यवेक्षण अधिकारियों,थाना एवं पुलिस चौकी प्रभारियों के साथ बैठक लेकर कड़े निर्देश दिए । नशा तस्करी के नेक्सस को तोड़ने एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में और तेजी लाएं तथा आमजन से मैत्रिपूर्ण व्यवहार कर आपराधिक तत्वों पर शिकंजा कसे । नशे जैसी समाजिक बुराई को जड़ से मिटाने के लिए आमजन का सहयोग लें और उन्हें नशे के खिलाफ अभियान में बढ़चढ कर भाग लेने के लिए प्रेरित करें । उन्होंने सभी थाना प्रभारियों से कहा कि अपने-अपने क्षेत्रों में नशे के कारोबारियों व नशे में सजायाप्ता लोगों की प्रॉपर्टी का ब्यौरा जुटाकर,नशे की काली कमाई से अर्जित की गई सम्पति को अटैच करवाने की प्रक्रिया को तेज करें । इस अवसर पर बैठक में मौजूद सभी थाना प्रभारियों से कहा कि पीएम विंडो,सीएम विंडो व हरसमय पोर्टल पर आने वाली शिकायतों का निश्चित समय अवधि में निपटारा कर उच्च अधिकारियों को समय पर जबाव भेजें तथा थाना में आए फरियादियों की फरियाद सुन कर शीघ्र अति शीघ्र न्याय दिलवाएं । उन्होंने सभी थाना प्रभारियों से कहा कि चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए विशेष सावधानी व सतर्कता बरतें और अधिक से अधिक पुलिस चेकिंग व गश्त बढाई जाएं ताकि गृहभेदन व वाहन चोरी जैसी घटनाओं की पुनरावृति को रोका जा सकें । उन्होंने कहा कि नशा तस्करी एंव अन्य आपराधिक वारदातों में संलिप्त लोगों की सूची बनाकर उनकी धर-पकड़ सुनिश्चित करें । उन्होंने बैठक में मौजूद सभी थाना प्रभारियों से कहा कि मादक पदार्थों तस्करी में पकड़े गए लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए अदालत में भी उनके खिलाफ बेहतर ढंग से पैरवी करें ताकि अपराध करने वाला व्यक्ति किसी भी सूरत में सजा से न बच पाए । पुलिस अधीक्षक ने कहा कि संपति विरुध अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महत्वपूर्ण सूराग जुटाकर अनसुलझे मामलों को शीघ्र निपटाएं । पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिला सिरसा की सीमाओं के साथ लगती राजस्थान व पंजाब राज्य की सीमाओं पर स्थापित नियमित नाकों के अलावा अन्य मार्गो पर भी औचक नाकाबंदी कर आने जाने वाले लोगों तथा वाहनों की बारीकी से चेकिंग करें तथा संदिग्ध किस्म के लोगों पर पैनी नजर रखें । उन्होंने कहा कि विभिन्न मामलों में वांछित भगौड़ों की धरपकड़ तेज करें तथा आदतन अपराधियों की हिस्ट्री शीट खोलें तथा समय समय पर चैक कर उनकी गतिविधियों पर पैनी नजर रखें । एसपी दीपक सहारन कहा कि महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों को रोकना और महिला व बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस का प्राथमिक कर्तव्य है और इस कर्तव्य को पूरा करने के लिए सभी पुलिस अधिकारी और कर्मचारी अन्य विभागों के साथ तालमेल करते हुए गंभीरता से कार्य करें। एक संवेदनशील पुलिसिंग पीड़ित पक्ष का न्याय व्यवस्था में विश्वास बनाएं रखती है । एसपी दीपक सहारन ने कहा कि हमें यह सुनिश्चित करना है कि बच्चों की शारीरिक,सामाजिक,भावनात्मक और शैक्षणिक आवश्यकताएं एक सुरक्षित माहौल में ही पूरी हो । उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि किसी थाना क्षेत्र में कोई बच्चा या मंदबुद्धि व्यक्ति गुम हो जाता है तो तुरंत उच्च अधिकारियों के संज्ञान में लाएं तथा पीड़ित परिवार के साथ मिलकर उसे ढुंढने में हर संभव मदद के लिए तत्पर रहना चाहिए । इस अवसर पर आमजन से भी आह्वान करते हुए कहा कि यदि आपके आस-पास संदिग्ध या लावारिस अवस्था में कोई बच्चा या मंदबुद्धि व्यक्ति घुमता हुआ मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें ताकि समय रहते पीड़ित को परिवार से मिलाया जा सके । इस अवसर पर बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक फैसल खान,प्रशिक्षु आईपीएस शिवम,डीएसपी राज सिंह,डीएसपी मुख्यालय आदर्शदीप,डीएसपी राज सिंह सहित अनेक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मुख्य रुप से मौजूद रहे ।
