– नवनियुक्त एसपी बी आदित्य का एक्शन प्लान: संगठित अपराध, नशा, अवैध शराब और अनसुलझे मामलों पर रहेगा विशेष फोकस, 24 घंटे में कार्रवाई का दिया भरोसा
हनुमानगढ़। जिले के नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक बी आदित्य ने साफ शब्दों में कहा है कि हनुमानगढ़ में नशा तस्करों, संगठित अपराधियों और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सिर्फ मुकदमे दर्ज करने तक कार्रवाई सीमित नहीं रहेगी, बल्कि उनकी अवैध संपत्तियों को भी जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा और साथ ही जनजागरूकता पर भी बराबर जोर रहेगा। शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी बी आदित्य ने कहा कि जिले में नशा तस्करी और अवैध शराब के खिलाफ स्पेशल ऑपरेशन उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-एफ के तहत नशा तस्करों की अवैध संपत्तियों पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं, नए आपराधिक कानूनों के तहत बीएनएस की धारा 107 के प्रावधानों का उपयोग कर अन्य गंभीर मामलों में भी संपत्ति अटैच करने के प्रयास किए जाएंगे। एसपी ने कहा कि हनुमानगढ़ लंबे समय से संगठित अपराधों से प्रभावित जिला रहा है। बीएनएस की धारा 111 और 112 के तहत मामलों की समीक्षा करवाई जा रही है। सोशल मीडिया, पुराने मुकदमों और आपसी कनेक्शन के आधार पर अपराधियों की पहचान कर उनके खिलाफ प्रभावी और जमीनी स्तर पर कार्रवाई की जाएगी, ताकि समाज में अपराध के प्रति भय का माहौल बने और युवाओं को गलत रास्ते पर जाने से रोका जा सके। उन्होंने कहा कि अवैध गतिविधियों के संचालन वाले स्थानों पर नियमित दबिश देने के लिए सीओ सिटी को निर्देशित किया जाएगा। अवैध शराब और मादक पदार्थांे की तस्करी के खिलाफ इंटेलिजेंस आधारित कार्रवाई को प्राथमिकता दी जाएगी। एसपी ने बताया कि पुलिस महानिदेशक के निर्देशानुसार जिले में बीट सिस्टम को और मजबूत किया जाएगा। महिला बीट अधिकारियों की नियुक्ति की गई है, जो महिलाओं से संपर्क कर परिवार और आसपास की गतिविधियों की जानकारी जुटाएंगी। उनका कहना था कि गांव स्तर की कई महत्वपूर्ण सूचनाएं थाना या जिला स्तर तक नहीं पहुंच पातीं, जिन्हें अब बीट अधिकारियों के माध्यम से पुलिस तक लाया जाएगा। एसपी बी आदित्य ने कहा कि कोई भी व्यक्ति यदि किसी अपराध, नशा तस्करी या अन्य अवैध गतिविधि की गोपनीय सूचना देना चाहता है तो वह सीधे एसपी हेल्पलाइन पर कॉल या संदेश कर सकता है। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और 24 घंटे के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। निर्धारित समय के बाद शराब ठेके खुले रहने के सवाल पर उन्होंने कहा कि इस तरह की शिकायतों पर पुलिस गंभीरता से कार्रवाई करेगी। वे स्वयं भी फील्ड में निरीक्षण करेंगे तथा संबंधित सीओ और एसएचओ को मौके पर भेजा जाएगा। यदि लाइसेंसी दुकानों या गोदामों में नियमों का उल्लंघन मिलता है तो जिला आबकारी अधिकारी को पत्र लिखकर आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।
चांस रिकवरी नहीं इंटेलिजेंस पर भरोसा
एसपी ने कहा कि पंजाब और हरियाणा से राजस्थान में आने वाली अवैध शराब और मादक पदार्थांे के संभावित मार्गांे का विश्लेषण किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे ‘चांस रिकवरीÓ के बजाय इंटेलिजेंस आधारित कार्रवाई में विश्वास रखते हैं और इसी रणनीति पर आगे काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिले के सभी अनसुलझे मामलों की समीक्षा की जाएगी। जांच अधिकारियों के साथ बैठक कर नई कार्ययोजना बनाई जाएगी ताकि लंबित मामलों का जल्द खुलासा हो सके।
रिहैबिलिटेशन सेंटरों का होगा सत्यापन
एसपी बी आदित्य ने कहा कि कई बार फरार आरोपी भी रिहैबिलिटेशन सेंटरों में शरण ले लेते हैं। इसे देखते हुए सभी रिहैबिलिटेशन सेंटरों का एसडीएम के साथ संयुक्त सत्यापन कराया जाएगा और उनकी नियमित निगरानी की जाएगी। एसपी ने यह भी बताया कि नशे में इस्तेमाल होने वाले प्रेगाबलिन कैप्सूल को एनडीपीएस अधिनियम की अनुसूची में शामिल करने के लिए उच्च स्तर पर प्रस्ताव भेजा जाएगा। इसके अलावा सोशल मीडिया पर भड़काऊ या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों की निगरानी की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर कानूनी कार्रवाई भी होगी। प्रेस वार्ता के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद बिश्नोई तथा सीओ सिटी मीनाक्षी भी मौजूद रहीं।
