हनुमानगढ़। नागेन्द्र प्रताप सिंह ने गुरुवार को हनुमानगढ़ जंक्शन रेलवे स्टेशन अधीक्षक का पदभार विधिवत ग्रहण कर लिया। उनका स्थानांतरण श्रीगंगानगर से हनुमानगढ़ हुआ है। इससे पूर्व वे 2021 में हनुमानगढ़ जंक्शन रेलवे स्टेशन अधीक्षक के पद पर कार्यरत रहे थे, लेकिन करीब साढ़े चार साल बाद फरवरी 2025 में उनका स्थानांतरण श्रीगंगानगर कर दिया गया था। पदभार ग्रहण करने के बाद मीडिया से बात करते हुए स्टेशन अधीक्षक नागेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि उनकी प्राथमिकताओं में लाइन नंबर 5 और 6 के बीच प्लेटफॉर्म नंबर 4 और 5 का निर्माण शामिल है। इसके अलावा, स्टेशन पर एफओबी का कार्य वर्तमान में प्रगतिशील है और इसे शीघ्र पूर्ण करवाने का प्रयास रहेगा, ताकि यात्रियों का आवागमन सुचारू रूप से हो सके। स्टेशन अधीक्षक ने कहा कि यात्रियों की मांग के अनुसार नई रेलगाड़ियां चलाने की भी प्राथमिकता रहेगी। उनका प्रयास रहेगा कि यात्रियों को पूरी सुविधाएं मिलें और उन्हें किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। नागेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए एसी वेटिंग रूम बनाया गया है। द्वितीय श्रेणी स्लीपर क्लास के यात्रियों के लिए भी प्रतिक्षालय की सुविधा है। रिटायरिंग रूम की सुविधा भी उपलब्ध है। एफओबी में लिफ्ट की सुविधा होगी, जिससे लंबी दूरी की गाड़ियों में आने-जाने वाले यात्रियों को विशेष सुविधा मिलेगी। यह कदम हनुमानगढ़ जंक्शन को आधुनिक और यात्रियों के अनुकूल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
