हनुमानगढ़। राजस्थान निकाय चुनाव 2026 की तैयारियों के बीच कांग्रेस ने हनुमानगढ़ नगर परिषद चुनाव के लिए पार्टी सिंबल पर चुनाव लड़ने के इच्छुक नेताओं और कार्यकर्ताओं के इंटरव्यू का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी हनुमानगढ़ शहर की ओर से जारी सूचना के अनुसार 23 और 24 अगस्त को वार्डवार संभावित उम्मीदवारों से मुलाकात कर उनकी दावेदारी पर चर्चा की जाएगी। यह कार्यक्रम पूर्व राज्य मंत्री एवं विधानसभा चुनाव प्रत्याशी चौधरी विनोद कुमार के निर्देशानुसार आयोजित किया जा रहा है। पीसीसी सदस्य भूपेंद्र चौधरी निर्धारित समय के अनुसार सभी वार्डों के दावेदारों से मुलाकात करेंगे। कांग्रेस संगठन का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर दावेदारों की सक्रियता, संगठनात्मक पकड़ और जनसमर्थन का आकलन कर पार्टी सिंबल के लिए उपयुक्त नामों का चयन करना है।
23 अगस्त को इन वार्डों के होंगे इंटरव्यू
पहले दिन सुबह 10 से 11 बजे तक वार्ड 1, 2, 3, 4 और 5 के दावेदारों से मुलाकात होगी। दोपहर 12 से 1 बजे तक वार्ड 6, 7, 8, 9 और 10, जबकि दोपहर 1 से 2 बजे तक वार्ड 11, 12, 13, 14 और 15 के संभावित उम्मीदवारों के इंटरव्यू लिए जाएंगे। शाम के सत्र में 4 से 5 बजे तक वार्ड 16, 17, 18, 47 और 48, शाम 5 से 6 बजे तक वार्ड 49, 50, 51, 52 और 53 तथा शाम 6 से 7 बजे तक वार्ड 54, 55, 56, 57, 58, 59 और 60 के दावेदारों से चर्चा होगी।
24 अगस्त को दूसरे चरण की बैठक
दूसरे दिन सुबह 10 से 11 बजे तक वार्ड 19 से 24, दोपहर 12 से 1 बजे तक वार्ड 25 से 30 तथा दोपहर 1 से 2 बजे तक वार्ड 31 से 36 के दावेदारों से मुलाकात की जाएगी। इसके बाद शाम 4 से 5 बजे तक वार्ड 37, 38, 39, 40 और 41 तथा शाम 5 से 6 बजे तक वार्ड 42, 43, 44, 45 और 46 के संभावित उम्मीदवारों के इंटरव्यू होंगे।
पूर्व विधायक निवास में होंगे सभी इंटरव्यू
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष जिनेंद्र जैन (बेबी जैन) ने बताया कि सभी बैठकें पूर्व विधायक निवास, चक जवाला सिंह रोड, हनुमानगढ़ जंक्शन में आयोजित की जाएंगी। उन्होंने सभी दावेदारों से पीसीसी द्वारा जारी ऑनलाइन आवेदन फॉर्म की हार्ड कॉपी साथ लाने का आग्रह किया है। इसके अलावा प्रत्येक दावेदार से अपने वार्ड के अधिक से अधिक प्रबुद्धजन, वार्ड अध्यक्ष, कांग्रेस पदाधिकारी तथा विधानसभा चुनाव 2023 और लोकसभा चुनाव 2024 में कार्य कर चुके बूथ एजेंटों को भी साथ लाने का अनुरोध किया गया है, ताकि संगठन को दावेदारों के जनाधार और सक्रियता का बेहतर फीडबैक मिल सके। कांग्रेस की ओर से जारी यह वार्डवार इंटरव्यू प्रक्रिया नगर परिषद चुनाव में पार्टी प्रत्याशियों के चयन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

