हनुमानगढ़। निट्टूसिंह के साथ हुए अण्डकोष प्रकरण को लेकर भारत की जनवादी नौजवान सभा के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर कार्रवाई की मांग की। सभा के जिला महासचिव वेद मक्कासर ने बताया कि प्रकरण में डॉ. जितेन्द्र गोयल के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की जा रही है। वेद मक्कासर के अनुसार, प्रकरण की जांच के लिए कमेटी गठित की गई है। जांच कमेटी के गठन के बाद निट्टूसिंह को पत्र दिया गया, जिसमें बीकानेर जाकर जांच करवाना सुनिश्चित पाया गया था। इसके बाद निट्टूसिंह बीकानेर पहुंचा, लेकिन वहां चिकित्सकों ने कथित तौर पर कहा कि पुलिस के साथ आने पर ही उसकी जांच की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस संबंध में निट्टूसिंह के साथ सीएमएचओ से मुलाकात की गई, लेकिन वहां से उन्हें सीओ से मिलने के लिए कहा गया। सीओ से भी मुलाकात के बावजूद कोई सुनवाई नहीं होने का आरोप लगाया गया। वेद मक्कासर ने कहा कि निट्टूसिंह पिछले तीन-चार माह से न्याय के लिए भटक रहा है। जनवादी नौजवान सभा ने मांग की कि पुलिस डॉ. जितेन्द्र गोयल के खिलाफ मुकदमा दर्ज करे। साथ ही जब तक कार्रवाई नहीं होती, तब तक निट्टूसिंह के साथ एक पुलिस जवान को बीकानेर भेजकर उसकी जांच करवाने की व्यवस्था की जाए। वेद मक्कासर ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर सुनवाई नहीं हुई तो निट्टूसिंह पुलिस अधीक्षक कार्यालय के समक्ष बेमियादी धरने पर बैठेगा। उन्होंने कहा कि भारत की जनवादी नौजवान सभा निट्टूसिंह को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
