नोहर। शहरी क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से चल रही पेयजल समस्या के जल्द समाधान का भरोसा पूर्व विधायक अभिषेक मटोरिया ने जताया है। मटोरिया भवन में आयोजित जनसुनवाई के दौरान उन्होंने कहा कि नागरिकों को शीघ्र ही शुद्ध एवं नियमित पेयजल आपूर्ति उपलब्ध करवाई जाएगी। पूर्व विधायक ने बताया कि उन्हें शहर में अनियमित और अशुद्ध पेयजल आपूर्ति को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद संबंधित विभागीय अधिकारियों को सुधार के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जलदाय विभाग को पानी की नियमित फिल्टरिंग, पाइप लाइनों में लीकेज दुरुस्त करवाने तथा पेयजल आपूर्ति को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान अभिषेक मटोरिया ने तीन राज्यों में भारतीय जनता पार्टी की जीत पर कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि भाजपा सरकार विकास के लिए समर्पित है और इन राज्यों की जनता को अब विकास के नए अवसर प्राप्त होंगे। जनसुनवाई के दौरान अनाज मंडी व्यापारियों ने भी पूर्व विधायक को ज्ञापन सौंपकर गेहूं खरीद की सीमा बढ़ाने की मांग की। व्यापारियों ने ज्ञापन में बताया कि गत वर्ष लगभग 2 लाख 90 हजार बैग गेहूं की सरकारी खरीद हुई थी, जबकि इस वर्ष इसे घटाकर केवल 2 लाख बैग कर दिया गया है। व्यापारियों के अनुसार क्षेत्र में चने की अच्छी पैदावार होने से अब तक करीब 5 लाख बैग गेहूं का पंजीकरण हो चुका है। ऐसे में खरीद सीमा बढ़ाना आवश्यक है ताकि किसानों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।
