हनुमानगढ़। श्री पुष्टिकर समिति, एसआरएस निजी शिक्षण संस्था संघ, नोहर एवं वाग्भट वेलनेस आयुष रिसर्च सेंटर, हनुमानगढ़ के तत्वावधान में रविवार, 9 अगस्त को पुष्करणा भवन, सिंधी बाजार, नोहर में नि:शुल्क नेचुरोपैथी एवं आयुर्वेदिक चिकित्सा एवं परामर्श शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर सुबह 9.30 बजे से अपराह्न 3.30 बजे तक चलेगा। शिविर के प्रचार-प्रसार के लिए तैयार पोस्टर का विमोचन गुरुवार को नोहर पुलिस थाना प्रभारी जगदीश पांडर ने किया। इस मौके पर एसआरएस निजी शिक्षण संस्था संघ, नोहर के अध्यक्ष प्रदीप पुरोहित सहित प्रताप सिंवर, हनुमान व्यास, राकेश नांगल, मदन शर्मा, डॉ. सतीश राहड़, किशन मोदी, पवन कंदोई, राजू कंदोई, मुकेश हिसारिया, सुल्तान सोलंकी, महावीर सिंवर, मुकेश पंडा, श्रीराम व्यास, अरुण सोलंकी, दयाल पुरोहित, मनोज जोशी, शिविर प्रभारी अनिल जांदू, विकास भादू, प्रदीप भांभू सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। आयोजकों ने बताया कि शिविर में अनुभवी विशेषज्ञ चिकित्सकों की ओर से आयुर्वेद एवं नेचुरोपैथी पद्धति से विभिन्न रोगों का नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श दिया जाएगा। रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से ‘वाग्भट अमृत काढ़ाÓ का नि:शुल्क वितरण भी किया जाएगा। शिविर में शुगर, ब्लड प्रेशर और वजन की नि:शुल्क जांच, नाड़ी परीक्षण, योग-प्राणायाम एवं व्यायाम संबंधी मार्गदर्शन तथा आधुनिक मशीनों से नि:शुल्क मसाज एवं थैरेपी की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा आवश्यक आयुर्वेदिक एवं देशी औषधियां रियायती (आधे) मूल्य पर उपलब्ध कराई जाएंगी। शिविर में वाग्भट वेलनेस आयुष रिसर्च सेंटर के संस्थापक बाबूलाल जुनेजा विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। वे प्राकृतिक चिकित्सा, संतुलित आहार, स्वस्थ जीवनशैली और विभिन्न रोगों से बचाव के प्रभावी उपायों पर लोगों का मार्गदर्शन करेंगे। आयोजकों ने नोहर एवं आसपास के क्षेत्र के नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की है।
