हनुमानगढ़। ड्रीमलैण्ड कॉलोनी, जंक्शन निवासी उमेश खीचड़ ने अपनी पत्नी और सास पर लगातार मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उमेश खीचड़ ने बताया कि उसकी पत्नी पूनम व सास शांति देवी पत्नी ओमप्रकाश पिछले काफी सालों से उसे मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रही हैं। इन्होंने उसे अप्रैल 2023 से जुलाई 2024 तक जबरन नशा मुक्ति केन्द्र में रखा ताकि उसकी मानसिक स्थिति बिगड़ जाए। उसने भांकरोटा, जयपुर स्थित नशा मुक्ति केन्द्र के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज करवाया। प्रार्थी के अनुसार, लीवर खराब होने के कारण उन्हें समय-समय पर दवाई, विशेष भोजन और स्वास्थ्य जांच की आवश्यकता रहती है, लेकिन घर में पत्नी और सास की ओर से लगातार बंद कर पिटाई की जाती है। उसे अपने स्वयं के घर में प्रवेश भी नहीं करने दिया जाता, साथ ही धमकी दी जाती है कि अगर पुलिस या अधिकारियों से शिकायत की तो नशा मुक्ति केन्द्र में भेज दिया जाएगा। उमेश ने आरोप लगाया कि डॉ. सुमेश खीचड़ और लोकेश सहारण इस कृत्य में पत्नी और सास के सहयोगी हैं। ये सभी प्रभावशाली होने के कारण उनका सरकारी अस्पताल में इलाज भी नहीं होने दे रहे। प्रार्थी ने स्पष्ट किया कि यदि उनके साथ कोई अप्रिय घटना घटती है, तो इसकी जिम्मेदारी पत्नी पूनम, सास शांति देवी, डॉ. सुमेश खीचड़, साहबराम खीचड़, लोकेश सहारण और अन्य सहयोगियों की होगी। उमेश खीचड़ ने जिला प्रशासन और पुलिस से अनुरोध किया है कि मुकदमा दर्ज कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।
