हनुमानगढ़। लोकतंत्र के सबसे बड़े उत्सव राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर मेरा युवा भारत हनुमानगढ़ एवं जिला प्रशासन के तत्वावधान में पदयात्रा एवं ‘संडे ऑन साइकिल-2026 का आयोजन किया गया। रैली को स्वीप सेल नोडल अधिकारी ओपी बिश्नोई ने राजीव गांधी खेल स्टेडियम से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव, पुलिस अधीक्षक हरी शंकर, एडीएम उम्मेदी लाल मीना, एएसपी अरविन्द बिश्नोई, सीईओ जिला परिषद ओपी बिश्नोई सहित अनेक प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान जिला युवा अधिकारी रीना केसरिया एवं पुलिस अधीक्षक हरी शंकर की ओर से प्रथम बार मतदान करने वाले युवाओं को बैज पहनाकर सम्मानित किया गया। यह पदयात्रा एवं साइकिल रैली राजीव गांधी स्टेडियम से करणी चौक, परशुराम चौक होते हुए पुन: स्टेडियम तक निकाली गई। हाथों में तिरंगे, मतदाता जागरूकता संदेशों की तख्तियां और गगनभेदी नारों ‘पहले मतदान, फिर जलपान, मेरा वोट-मेरी ताकत, लोकतंत्र की शान-मतदान हर इंसान के साथ युवाओं ने आमजन को मतदान के महत्व से अवगत कराया।

साइकिल रैली के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि स्वस्थ शरीर में ही जागरूक और जिम्मेदार नागरिक का विकास संभव है। जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव ने अपने संबोधन में कहा कि निष्पक्ष, निर्भीक और जागरूक मतदान ही मजबूत लोकतंत्र की आधारशिला है। जब युवा अपने मताधिकार का सही उपयोग करता है, तभी राष्ट्र सशक्त बनता है। वहीं जिला युवा अधिकारी रीना केसरिया ने कहा कि मतदान केवल अधिकार नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है और युवाओं को किसी भी दबाव या प्रलोभन से मुक्त होकर मतदान करना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी युवाओं, स्वयंसेवकों और अधिकारियों को मतदाता शपथ दिलाई गई। सभी ने लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा, निष्पक्ष मतदान और अन्य नागरिकों को मतदान के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। इस आयोजन में स्काउट-गाइड इकाइयों, युवा क्लबों, सामाजिक संगठनों तथा मेरा युवा भारत के स्वयंसेवकों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम की सफलता में योगेन्द्र सिंह, विजय कुमार, मोहित कुमार, स्वयंसेवकों एवं जिला प्रशासन का योगदान रहा।
