–मतदाताओं के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के दिए निर्देश, स्ट्रांग रूम व मतगणना स्थल का भी किया निरीक्षण
हनुमानगढ़। राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान द्वारा नियुक्त चुनाव पर्यवेक्षक श्रीमती रचना भाटिया ने गुरुवार को नगरपालिका क्षेत्र पीलीबंगा के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर चुनाव संबंधी तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्थाओं तथा मतदाताओं के लिए उपलब्ध कराई गई मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सुचारू ढंग से संपन्न हो तथा प्रत्येक मतदाता को बिना किसी परेशानी के मतदान का अवसर मिले।
निरीक्षण के दौरान पर्यवेक्षक ने मतदान केंद्रों पर बिजली, पेयजल, रैंप, बैठने की व्यवस्था, प्रवेश-निकास, सुरक्षा प्रबंध एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का अवलोकन किया। कुछ मतदान केंद्रों पर पाई गई व्यवस्थागत कमियों के संबंध में संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए।
इन मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण
पर्यवेक्षक रचना भाटिया ने पीलीबंगा नगरपालिका क्षेत्र के कुल पांच मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतदान केंद्र संख्या 10 स्थित राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय (दायां भाग), मतदान केंद्र संख्या 16 स्थित राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय (बायां भाग), मतदान केंद्र संख्या 14 स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के कक्ष संख्या 20, मतदान केंद्र संख्या 17 स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के कक्ष संख्या 15 तथा मतदान केंद्र संख्या 15 स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय (हॉल) का अवलोकन किया। इनमें मतदान केंद्र संख्या 16 अतिसंवेदनशील, मतदान केंद्र संख्या 14 संवेदनशील तथा शेष तीन मतदान केंद्र सामान्य श्रेणी के हैं।
पर्यवेक्षक रचना भाटिया ने राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, पीलीबंगा में स्थापित स्ट्रांग रूम, मतदान सामग्री वितरण एवं संग्रहण केंद्र तथा मतगणना स्थल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था एवं निर्वाचन संबंधी सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
महिला समूह एवं कमजोर वर्ग से किया संवाद
निरीक्षण के दौरान पर्यवेक्षक ने वार्ड संख्या 5 के महिला समूह एवं कमजोर तबके के मतदाताओं से भी संवाद किया। उन्होंने सभी से निर्भीक होकर मतदान करने तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने की अपील की। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक मतदाता को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में मतदान कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाए।
