हनुमानगढ़। हिन्दुस्तान स्काउट एंड गाइड, राजस्थान राज्य, जिला मुख्यालय हनुमानगढ़ के तत्वावधान में गांव रोड़ांवाली के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में छात्राओं के लिए पांच दिवसीय आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ गुरुवार को हुआ। शिविर का उद्देश्य छात्राओं को आत्मरक्षा के प्रति जागरूक करने के साथ उनमें आत्मविश्वास, साहस और विपरीत परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा करने की क्षमता विकसित करना है। जिला ऑर्गेनाइजर दीपक यादव ने कहा कि वर्तमान समय में प्रत्येक छात्रा के लिए आत्मरक्षा का प्रशिक्षण बेहद जरूरी है। इस तरह के प्रशिक्षण से छात्राओं में साहस, आत्मविश्वास और आपात स्थिति में त्वरित निर्णय लेने की क्षमता विकसित होती है। उन्होंने छात्राओं से प्रशिक्षण का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। शिविर के दौरान जिला पुलिस कालिका टीम की प्रशिक्षक मायावती और सुनीता ने छात्राओं को आत्मरक्षा की विभिन्न तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षकों ने विपरीत परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा, मानसिक सतर्कता, साहस और आपातकालीन स्थिति में अपनाए जाने वाले आवश्यक उपायों की जानकारी दी। छात्राओं ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ प्रशिक्षण में हिस्सा लिया तथा आत्मरक्षा के विभिन्न अभ्यास किए। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य राजाराम, मीनाक्षी और अंजू बानो मौजूद रहे। अतिथियों ने छात्राओं को प्रशिक्षण का पूरा लाभ उठाने तथा सीखी गई तकनीकों का नियमित अभ्यास करने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय परिवार और हिन्दुस्तान स्काउट एंड गाइड के पदाधिकारियों ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण शिविर छात्राओं को आत्मनिर्भर, जागरूक और सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। छात्राओं से शिविर के दौरान नियमित रूप से उपस्थित रहकर आत्मरक्षा की तकनीकों का अभ्यास करने का आह्वान किया गया।
