हनुमानगढ़। नगर निकाय चुनाव के दूसरे चरण के तहत हनुमानगढ़ नगर परिषद सहित जिले की तीन नगरीय निकायों में 11 सितंबर को होने वाले मतदान के लिए बुधवार शाम चुनाव प्रचार थम गया। प्रचार के अंतिम दिन कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी ने शहर में रैलियां निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया। दोनों दलों के प्रत्याशी, पदाधिकारी और कार्यकर्ता रैलियों में शामिल हुए तथा मतदाताओं को अपने पक्ष में लामबंद करने का प्रयास किया। कांग्रेस ने नगर परिषद में पूर्ण बहुमत से बोर्ड बनाने का दावा किया, वहीं भाजपा ने भी पूर्ण बहुमत हासिल करने का भरोसा जताया। प्रचार के अंतिम दिन कांग्रेस की ओर से टाउन के सुभाष चौक से पदयात्रा निकाली गई। पदयात्रा शहर के करीब 10-12 वार्डांे से होकर जंक्शन रोड स्थित भारत माता चौक पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। पदयात्रा में कांग्रेस पदाधिकारी, प्रत्याशी, कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में नारे लगाए और मतदाताओं से अधिकाधिक मतदान का आह्वान किया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्य भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि शहर के मतदाता जागरूक हैं और उन्हें पूरा विश्वास है कि इस बार जनता भारी बहुमत से कांग्रेस के पक्ष में मतदान करेगी। उन्होंने मतदाताओं से कांग्रेस प्रत्याशियों को विजयी बनाने और नगर परिषद में कांग्रेस का बोर्ड बनाने में सहयोग का आह्वान किया। भूपेंद्र चौधरी ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश में भाजपा सरकार को करीब तीन वर्ष हो चुके हैं, लेकिन विकास कार्यांे के बजाय तुगलकी फरमान जारी किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कैंप लगाकर खानापूर्ति करने के बजाय आमजन के वास्तविक काम सरकारी कार्यालयों में होने चाहिए। कांग्रेस नेता गुरमीत सिंह चंदड़ा ने दावा किया कि शहर में कांग्रेस के पक्ष में माहौल है और इस बार नगर परिषद में कांग्रेस का बोर्ड बनेगा। उन्होंने भाजपा सरकार पर विकास के मोर्चे पर विफल रहने का आरोप लगाया। साथ ही बढ़ती महंगाई को लेकर सरकार को घेरा और कहा कि इससे गरीब एवं मध्यम वर्ग प्रभावित हुआ है। कांग्रेस सेवादल जिलाध्यक्ष अश्विनी पारीक ने दावा किया कि कांग्रेस 45 से अधिक सीटें जीतकर नगर परिषद में अपना बोर्ड बनाएगी। उन्होंने भाजपा शासनकाल में विकास कार्य प्रभावित होने का आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले करीब ढाई वर्षांे में शहर की सड़कों को खोदने का काम तो हुआ, लेकिन विकास कार्यांे को अपेक्षित गति नहीं मिल पाई। उन्होंने नगर परिषद में आपसी खींचतान और बजट के अभाव को भी विकास में बाधा बताया। कांग्रेस की पदयात्रा में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष जिनेंद्र जैन, देहात अध्यक्ष संदीप सिंह सिद्धू, पूर्व जिला प्रमुख कविता मेघवाल, पूर्व प्रधान दयाराम जाखड़, जयदेव भिड़ासरा, प्रेमराज नायक सहित अन्य पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।
