– पुलिस पर लापरवाही का लगाया आरोप, जल्द कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
हनुमानगढ़। ईंट भट्ठे पर कार्यरत एक प्रवासी मजदूर परिवार की बीस वर्षीय लड़की के लापता होने के मामले में कार्रवाई नहीं होने से नाराज परिजनों और ईंट भट्ठा मजदूरों ने शुक्रवार को जंक्शन पुलिस थाना परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व ग्राम पंचायत मक्कासर के प्रशासक बलदेव सिंह ने किया। प्रदर्शनकारियों ने लड़की की शीघ्र बरामदगी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी। प्रशासक बलदेव सिंह ने बताया कि क्षेत्र के ईंट भट्ठों पर उत्तर प्रदेश और बिहार से बड़ी संख्या में प्रवासी मजदूर कार्य करने आते हैं। इन्हीं में से एक परिवार दो केएनजे स्थित भांभू ईंट उद्योग में कच्ची ईंट बनाने का काम करता है। परिवार की लड़की 21 जून से लापता है। इस संबंध में उन्होंने जंक्शन पुलिस थाने में प्रार्थना-पत्र भी दिया था।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रारंभिक स्तर पर पुलिस ने मामले में कोई कार्रवाई नहीं की। बाद में ग्रामीणों और मजदूरों के साथ थाने पहुंचने पर गुमशुदगी दर्ज की गई, लेकिन अब तक लड़की का कोई सुराग नहीं लग सका है। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर गरीब और प्रवासी मजदूर परिवारों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि प्रभावशाली व्यक्ति का मामला होता तो पुलिस तत्काल कार्रवाई करती। उनका कहना था कि पहले जांच अधिकारी के अवकाश पर होने का हवाला देकर कार्रवाई में देरी की गई। अब जांच अधिकारी ड्यूटी पर लौट चुके हैं लेकिन फिर भी पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिल पा रहा। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि लड़की को जल्द से जल्द बरामद कर दोषी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय नहीं मिला तो क्षेत्र के सभी ईंट भट्ठा मजदूर बड़ी संख्या में जंक्शन पुलिस थाने के सामने धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
