हनुमानगढ़। पुलिस अधीक्षक बी आदित्य के निर्देशन में संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत टाउन थाना पुलिस ने बुधवार को सफलता हासिल करते हुए प्ले स्कूल में हुई चोरी की वारदात का खुलासा कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया संपूर्ण सामान भी बरामद कर लिया है। एसपी बी आदित्य ने बताया कि जिले में नशा तस्करी, अवैध मादक पदार्थ, अवैध हथियार, जुआ-सट्टा, संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम तथा वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत टाउन थाना प्रभारी लखवीर सिंह गिल के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मानवीय एवं तकनीकी सूचना के आधार पर चोरी की वारदात का खुलासा किया। पुलिस ने इस मामले में अमरीक सिंह (29) पुत्र निर्मल सिंह बाजीगर निवासी वार्ड नंबर 26, टाउन हाल 19 एचएमएच, रोही रामसरा नारायण, सनी (22) पुत्र बृजलाल सौरगर निवासी वार्ड नंबर 36, सौरगर मोहल्ला, टाउन, अर्जुन (28) पुत्र रामनिवास सिंगीकाट निवासी वार्ड नंबर 31, प्रेमनगर, टाउन, अक्षय (28) पुत्र दलवीर सिंगीकाट निवासी वार्ड नंबर 22, टाउन तथा राजेश उर्फ काली (28) पुत्र लेखराज सौरगर निवासी वार्ड नंबर 36, सौरगर मोहल्ला, टाउन को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 29 जून को प्रवीण कुमार निवासी सेक्टर नंबर 12, जंक्शन ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि वह पंजाबी मोहल्ला, टाउन में एक प्ले स्कूल संचालित करता है। ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद 29 जून को जब वह स्कूल पहुंचा तो मुख्य गेट का ताला बदला हुआ मिला तथा कार्यालय का गेट खुला था। स्कूल से कमरों में लगे पंखे, तीन एसी (इनडोर-आउटडोर यूनिट), स्टेबलाइजर, दो एलईडी, पानी की मोटर, इन्वर्टर बैटरी, वॉटर कूलर का कंप्रेसर, इंडक्शन चूल्हा, ब्लूटूथ टावर स्पीकर सहित अन्य सामान चोरी हो चुका था। इस संबंध में टाउन पुलिस थाना में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। अनुसंधान के दौरान पुलिस ने पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गया पूरा सामान बरामद कर लिया। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में सहायक उपनिरीक्षक सोहनलाल सांखला, हेड कांस्टेबल महेंद्र कुमार तथा कांस्टेबल रमेश कुमार शामिल रहे।
