हनुमानगढ़। भादरा थाना पुलिस ने फायरिंग कर हत्या के प्रयास के मामले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह मीना ने बताया कि मनीराम की ओर से 29 मई 2025 को भादरा पुलिस थाना में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि 19 मई 2025 की दोपहर में आरोपी होशियार सिंह व विकास ने उसके घर की घेराबंदी कर उस पर पिस्तौल तानकर फायर किया। इस संबंध में भादरा पुलिस थाना में बीएनएस व आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए। इस पर थाना प्रभारी हनुमानाराम बिश्नोई के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी विकास (25) पुत्र मघाराम उर्फ रूघाराम जाट निवासी कणाऊ तहसील भादरा पीएस गोगामेड़ी को दस्तयाब कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से पूछताछ जारी है तथा मामले में अग्रिम अनुसंधान किया जा रहा है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में सहायक उप निरीक्षक राजेन्द्र सिंह, कांस्टेबल सतीश व रजत शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।
