हनुमानगढ़। जंक्शन स्थित बिजली कॉलोनी, वार्ड संख्या 57 में पिछले करीब एक माह से बदबूदार एवं कथित रूप से सीवरेज मिश्रित पानी की सप्लाई से परेशान वार्डवासियों का बुधवार को आक्रोश फूट पड़ा। समस्या के समाधान की मांग को लेकर वार्डवासियों ने विरोध प्रदर्शन कर जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई और जल्द स्वच्छ पेयजल आपूर्ति शुरू नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि लगातार शिकायतों के बावजूद विभागीय अधिकारियों की ओर से समस्या के समाधान की दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है, जिससे लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वार्डवासियों ने आरोप लगाया कि घरों में सप्लाई होने वाले पानी में सीवरेज का पानी मिलकर आ रहा है, जिसके कारण पानी से तेज दुर्गंध आती है और पानी भरने पर उसमें झाग बनने लगते हैं। वार्डवासी विकास शर्मा ने बताया कि करीब एक माह से वाटर वर्क्स कर्मचारियों की लापरवाही के कारण बिजली कॉलोनी में दूषित पानी की सप्लाई हो रही है। उन्होंने कहा कि यह पानी इतना खराब है कि इसे मनुष्य तो क्या पशु भी नहीं पी सकते। गंदे पानी के सेवन से लोग बीमार हो रहे हैं और कई लोगों को उल्टी-दस्त जैसी शिकायतें हो रही हैं। उन्होंने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के एईएन को अवगत करवाया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है।

वार्डवासियों को मजबूरी में दूर-दराज के हैंडपंपों तथा पुलिस लाइन के पास लगे आरओ प्लांट से पानी भरकर लाना पड़ रहा है। इससे लोगों का समय और पैसा दोनों खर्च हो रहे हैं, लेकिन विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहा। विकास शर्मा ने कहा कि वर्तमान स्थिति अंधेर नगरी चौपट राजा जैसी बन गई है, जहां लोगों की परेशानियों को सुनने वाला कोई नहीं है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही विभाग ने समस्या का समाधान कर स्वच्छ पानी की सप्लाई शुरू नहीं की तो वार्डवासी पीएचईडी कार्यालय के बाहर मटका फोड़ प्रदर्शन, रास्ता जाम और अन्य आंदोलनात्मक कदम उठाने को मजबूर होंगे। वार्डवासी प्रसन्न प्रजापत ने बताया कि दूषित पानी की वजह से वार्ड के कई लोग बीमार होकर अस्पताल में भर्ती हैं। उन्होंने कहा कि पीने योग्य पानी नहीं मिलने के कारण लोगों को निजी टैंकरों से पानी खरीदना पड़ रहा है, जिससे अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी पड़ रहा है। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारी समस्या के समाधान को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं। प्रदर्शन कर रहे वार्डवासियों ने विभाग से मांग की कि बिजली कॉलोनी में पेयजल लाइन की जांच कर तुरंत खराबी दूर की जाए तथा स्वच्छ पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस मौके पर दीनानाथ कुशवाहा, जगदीश वर्मा, मनदीप बिश्नोई, रामादेवी, अमरजीत कौर, सुमित्रा देवी, कृष्णा देवी, कैलाश कंवर, नीरज सिंह राजपूत, रजनी देवी, वंदना शर्मा, पूनम शर्मा सहित कई अन्य वार्डवासी मौजूद रहे। उधर, पीएचईडी एक्सईएन हेमंत के अनुसार बिजली कॉलोनी में घरों में गंदा पानी सप्लाई होने की शिकायत सामने आई है। नगर परिषद के सहयोग से इस समस्या के समाधान के लिए चैंबर साफ करवाए जाएंगे। इसके बाद सीवर डाउन होने पर लीकेज चयनित कर समस्या का समाधान करवा दिया जाएगा।
