हनुमानगढ़। बस में सफर कर रही एक महिला के बैग से लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवरात चोरी होने का मामला सामने आया है। इस संबंध में पल्लू थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मनोज कुमारी पत्नी सांवराराम जाट निवासी ढाणी दुदगीरी पीएस भानीपुरा जिला चूरू, जो वर्तमान में नवोदय विद्यालय सरदारशहर में रह रही हैं, 11 मार्च को सरदारशहर से श्रीगंगानगर जाने के लिए बस नम्बर आरजे 31 पीए 5206 में सवार हुई थीं। बताया जा रहा है कि अपराह्न करीब 3.30 बजे बस पल्लू बस स्टैंड पर रुकी, उसी दौरान 4-5 अज्ञात व्यक्ति बस में चढ़े और मौका पाकर महिला के बैग से जेवरात चोरी कर ले गए। महिला को संदेह है कि आरोपी एक काली कार नम्बर एचआर 16 एसी 8513 में आए थे, जो बस के पीछे चल रही थी। चोरी हुए जेवरातों में सोने का हार व झुमका (58 ग्राम), सोने का हार (40 ग्राम), सोने की चेन (20 ग्राम), लोकेट (3 ग्राम), कंगन (40 ग्राम), अंगूठी (7 ग्राम), चांदी की पाजेब (350 ग्राम), बिछिया (30 ग्राम), चांदी का कड़ा (65 ग्राम) सहित अन्य आभूषण शामिल हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच थाना प्रभारी सुरेश मील कर रहे हैं।
