हनुमानगढ़। भीषण गर्मी और नौतपा को देखते हुए चिकित्सा विभाग की ओर से मंगलवार को जंक्शन बस स्टैंड परिसर में यात्रियों को ओआरएस के पैकेट वितरित किए गए। इसके साथ ही रोडवेज कर्मचारियों को स्वास्थ्य किट भी प्रदान की गई, जिसमें ओआरएस पैकेट के साथ उल्टी और बुखार की दवाइयां शामिल थीं। इस दौरान यात्रियों, रोडवेज चालकों और परिचालकों को ओआरएस घोल तैयार करने की विधि तथा उसके उपयोग की जानकारी दी गई। चिकित्सा टीम ने बताया कि लू-तापघात की स्थिति में ओआरएस का सेवन राहत पहुंचाने में सहायक होता है। अभियान के तहत रोडवेज बसों में फर्स्ट एड बॉक्स और पानी के कैंपर रखने के निर्देश दिए गए। फर्स्ट एड बॉक्स में ओआरएस पैकेट रखने पर भी जोर दिया गया ताकि यदि कोई यात्री लू या तापघात से प्रभावित हो तो उसे तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया जा सके। वहीं पूछताछ काउंटर पर मौजूद रोडवेज इंस्पेक्टर को नजदीकी अस्पतालों की जानकारी दी गई ताकि आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित व्यक्ति को तुरंत उपचार के लिए भेजा जा सके। बीसीएमओ डॉ. कुलदीप सिंह बराड़ ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि भीषण गर्मी को देखते हुए बार-बार पानी पीते रहें और शरीर में पानी की कमी नहीं होने दें। डिप्टी सीएमएचओ ने बताया कि वर्तमान में गर्मी का मौसम चल रहा है तथा 25 मई से नौतपा भी शुरू हो चुका है। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति लू-तापघात से प्रभावित होता है तो उसे तुरंत ओआरएस का सेवन करना चाहिए। उन्होंने बताया कि जिले के सभी चिकित्सालयों में लू-तापघात के उपचार के लिए आवश्यक संसाधन और प्रशिक्षित स्टाफ उपलब्ध है।
