– जोड़कियां में विवाह आयोजन में निभाई सामाजिक जिम्मेदारी, 501 कन्यादान का लिया संकल्प
हनुमानगढ़। जोड़कियां गांव में एक जरूरतमंद परिवार की बेटी के विवाह अवसर पर श्री श्याम फाउंडेशन की ओर से कन्यादान कर सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश की गई। फाउंडेशन से जुड़े युवाओं ने विवाह समारोह में पहुंचकर परिवार को सहयोग प्रदान किया और नवविवाहित जोड़े के सुखद भविष्य की कामना की। श्री श्याम फाउंडेशन ने समाज में जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग करने के उद्देश्य से 501 कन्यादान करने का संकल्प लिया है। इसी अभियान के तहत जोड़कियां गांव में आयोजित विवाह समारोह में संस्था की टीम ने कन्यादान की रस्म में सहभागी बनकर अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाई। फाउंडेशन से जुड़े युवाओं ने कहा कि किसी जरूरतमंद परिवार की बेटी के विवाह में सहयोग करना केवल आर्थिक मदद नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि कई परिवार आर्थिक परेशानियों के कारण बेटियों के विवाह को लेकर चिंतित रहते हैं। ऐसे परिवारों की मदद के लिए समाज के सक्षम लोगों और युवाओं को आगे आना चाहिए। टीम दीपु ठाकुर ने युवाओं से श्री श्याम फाउंडेशन के सेवा अभियान से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचकर उनकी बेटियों के विवाह में यथासंभव सहयोग करना है। संस्था की ओर से भविष्य में भी ऐसे सामाजिक एवं सेवा कार्य लगातार जारी रखने की बात कही गई। फाउंडेशन के सदस्यों ने कहा कि कन्यादान जैसे पुण्य कार्य में सहभागी बनना उनके लिए सौभाग्य की बात है। 501 कन्यादान का संकल्प समाज के सहयोग से पूरा करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवारों को राहत मिल सके। समारोह के दौरान फाउंडेशन की पहल की सराहना की गई और युवाओं से सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने की अपील की गई।
