हनुमानगढ़। सामाजिक समरसता न्याय मंच की ओर से बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती के मौके पर मंगलवार को जंक्शन स्थित अम्बेडकर चौक पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मौजूद नागरिकों ने बाबा साहेब के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया और जयघोष लगाए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक प्रतिनिधि संतोष बंसल ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. अम्बेडकर केवल एक व्यक्ति नहीं बल्कि एक विचारधारा हैं, जिन्होंने समाज के वंचित वर्गांे को अधिकार दिलाने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि आज के समय में बाबा साहेब के संविधान और उनके सिद्धांतों को अपनाना अत्यंत आवश्यक है। समाज में समानता, शिक्षा और जागरूकता के माध्यम से ही वास्तविक विकास संभव है। सामाजिक समरसता न्याय मंच के अध्यक्ष रामप्रताप भाट ने कहा कि बाबा साहेब ने समाज में व्याप्त भेदभाव को समाप्त करने के लिए आजीवन संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि समरस समाज की स्थापना ही बाबा साहेब को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि जाति-पाति से ऊपर उठकर समाज में भाईचारे और एकता को मजबूत करें तथा शिक्षा को प्राथमिकता दें। मंच सचिव दुर्गादत्त सैनी ने कहा कि बाबा साहेब ने संविधान के माध्यम से देश को एक नई दिशा दी। हमें उनके विचारों को केवल जयंती तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि उन्हें अपने दैनिक जीवन में अपनाना चाहिए। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से अपील की कि वे शिक्षा प्राप्त कर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में अपनी भूमिका निभाएं। इस मौके पर मंच के विनोद कंडा, चरणजीत डाल, अशोक सुथार, सोहन वर्मा, सतीश खन्ना, सुरेन्द्र सैनी, प्रेमकुमार, राजेन्द्र नोखवाल, राजपाल ढुंढाड़ा, बनवारी लाल सैनी मौजूद रहे।
