हनुमानगढ़। जंक्शन क्षेत्र के वार्ड नंबर 52 स्थित सुरेशिया में सोमवार को हुई तेज बारिश ने एक परिवार पर कहर बरपा दिया। बारिश के दौरान एक मकान के कमरे की छत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के समय मकान मालिक कमरे में ही मौजूद था, लेकिन सौभाग्य से वह बाल-बाल बच गया। हालांकि पूरे मकान को काफी नुकसान पहुंचा है और परिवार के सिर से सुरक्षित आशियाने का सहारा छिन गया है। ऑटो चालक कोमल कुमार काच्छी पुत्र मदनलाल निवासी वार्ड 52, सुरेशिया, शिव पार्क के पास, तारघर रोड, जंक्शन ने बताया कि सोमवार को तेज बारिश के दौरान उनके मकान के एक कमरे की छत अचानक गिर गई। छत गिरने के समय वह उसी कमरे में सो रहे थे, लेकिन किस्मत अच्छी रही कि उन्हें कोई चोट नहीं आई।

उन्होंने बताया कि हादसे के बाद मकान की लॉबी, रसोई, शौचालय और स्नानघर सहित कई हिस्सों की दीवारों में दरारें पड़ गई हैं। मकान की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि कभी भी शेष हिस्सा भी ढह सकता है। सुरक्षा के मद्देनजर परिवार ने घर का घरेलू सामान पड़ोसियों के यहां सुरक्षित रख दिया है। कोमल कुमार ने बताया कि वह ऑटो चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। मकान को हुए भारी नुकसान के कारण अब परिवार के सामने रहने और आर्थिक संकट की दोहरी चुनौती खड़ी हो गई है। पीड़ित परिवार ने जिला प्रशासन से मकान के नुकसान का सर्वे करवाकर उचित मुआवजा एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि वे दोबारा सुरक्षित आशियाना बना सकें।
