बीकानेर। जिले में लापरवाही के चलते एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। सूडसर-नापासर स्टेशन के बीच 7 अप्रैल की रात एक किसान ने जल्दबाजी में ट्रैक्टर-ट्रॉली रेलवे ट्रैक पर चढ़ा दी। सामने से ट्रेन आती देख वह कूदकर भाग गया, लेकिन ट्रॉली ट्रेन से टकरा गई। मामले में रेलवे सुरक्षा बल ने आरोपी किसान को गिरफ्तार कर लिया है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, नारसीसर निवासी कान सिंह 7 अप्रैल को ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर निकला था। सूडसर-नापासर के बीच पिलर नंबर 419/06 के पास उसने रेलवे ट्रैक पार करने की कोशिश की। इसी दौरान ट्रेन संख्या 12371 वहां पहुंच गई। ट्रेन को आता देख भी उसने रुकने के बजाय तेजी से ट्रैक पार करने का प्रयास किया। ट्रैक्टर तो निकल गया, लेकिन ट्रॉली पटरी पर फंस गई और ट्रेन से टकरा गई। हादसे के बाद अपनी गलती छिपाने के लिए कान सिंह रेलवे पुलिस थाने पहुंचा और ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी होने की झूठी रिपोर्ट दर्ज कराने की कोशिश की। हालांकि, आरपीएफ अधिकारियों को उस पर शक हुआ। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने सच्चाई कबूल कर ली। मामले की गंभीरता को देखते हुए मंडल सुरक्षा आयुक्त संजय पीसे के निर्देश पर निरीक्षक सुभाष बिश्नोई के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों और सूचना तंत्र की मदद से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। साथ ही ट्रैक्टर-ट्रॉली को भी जब्त कर लिया गया है। आरपीएफ ने आरोपी के खिलाफ रेलवे एक्ट की धारा 153, 174 और 147 के तहत मामला दर्ज किया है। रेलवे सुरक्षा बल ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे रेलवे ट्रैक पार करते समय नियमों का पालन करें और अपनी तथा दूसरों की सुरक्षा को खतरे में न डालें।
