हनुमानगढ़। जिले के नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना ने पदभार ग्रहण करने के बाद गुरुवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एक बुजुर्ग परिवादी की समस्या को प्राथमिकता देते हुए उन्होंने संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय दिया। जानकारी के अनुसार, केसराराम निवासी बेरवाल, जो पुलिस थाना गोगामेड़ी क्षेत्र से संबंधित हैं, अपनी शिकायत लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे थे। बुजुर्ग परिवादी को कार्यालय में देखकर एसपी नरेंद्र सिंह मीना ने चल रहे निरीक्षण कार्य को तत्काल स्थगित कर दिया और मौके पर ही उन्हें बैठाकर उनकी समस्या को गंभीरता से सुना। परिवादी ने अपनी शिकायत विस्तार से पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने तुरंत थानाधिकारी, गोगामेड़ी को फोन पर आवश्यक निर्देश देते हुए परिवाद की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि आमजन की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध समाधान किया जाए, ताकि लोगों का पुलिस प्रशासन पर भरोसा और मजबूत हो सके। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए नियमित रूप से जनसुनवाई आयोजित की जाती है। कार्यालय में परिवादियों की सुनवाई का समय कार्यदिवसों में प्रातः 12:00 से 01:00 बजे तक तथा अपराह्न 03:00 से 04:00 बजे तक निर्धारित किया गया है। इस दौरान आम नागरिक अपनी शिकायतें सीधे पुलिस अधीक्षक के समक्ष प्रस्तुत कर सकते हैं। एसपी द्वारा बुजुर्ग परिवादी की समस्या को प्राथमिकता देकर त्वरित सुनवाई करने की इस पहल को आमजन ने सराहा है। इससे यह संदेश भी गया है कि जिला पुलिस प्रशासन आम नागरिकों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील है और उनकी शिकायतों के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।
