हनुमानगढ़। संगरिया में कोर्ट रोड स्थित लवली होटल वाली गली में बाइक सवार दो अज्ञात युवकों की ओर से एक युवती से मोबाइल फोन झपटकर ले जाने का मामला सामने आया है। वारदात के बाद आरोपी तेज गति से बाइक भगाकर फरार हो गए। संगरिया थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार परिवादिया किरणा (21) पुत्री मनीराम बावरी निवासी नाथवाना ने अपने पिता मनीराम के साथ थाने में रिपोर्ट दी। परिवादिया ने बताया कि वह 29 सितंबर को सुबह करीब 11.30 बजे बैंक संबंधी कार्य के लिए संगरिया आई थी। कोर्ट रोड पर लवली होटल वाली गली में प्रवेश करने के दौरान पीछे से मोटर साइकिल पर सवार होकर आए दो व्यक्तियों ने उसके हाथ से झपटा मारकर मोबाइल फोन छीन लिया। मोबाइल फोन छीनने के बाद युवती ने शोर मचाया तो दोनों आरोपी मोटर साइकिल तेज गति से भगाकर फरार हो गए। परिवादिया ने बताया कि उसने मोटर साइकिल का रंग काला तथा नंबर प्लेट पर आरजे 31 एसयू 2910 लिखा हुआ देखा था। परिवादिया की रिपोर्ट पर संगरिया थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक रामेश्वर लाल के सुपुर्द की गई है। पुलिस मोटर साइकिल के नंबर के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।
