हनुमानगढ़। नोहर में भगवान महावीर पार्क की दीवार तोड़कर गंदे पानी के भंडारण एवं निकासी के लिए प्रस्तावित निर्माण कार्य को लेकर जैन समाज में नाराजगी देखने को मिल रही है। इस संबंध में जैन समाज के एक दर्जन से अधिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने सोमवार को अतिरिक्त जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की। श्री जैन श्वेताम्बर तेरापंथी आंचलिक सभा के अध्यक्ष जैन प्रकाश जैन ने बताया कि भगवान महावीर पार्क जैन समाज की आस्था, धार्मिक भावनाओं और सामाजिक सम्मान से जुड़ा महत्वपूर्ण स्थल है। यह केवल एक सार्वजनिक पार्क नहीं बल्कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि नगर पालिका नोहर की ओर से इस पार्क की दीवार तोड़कर वहां गंदे पानी के भंडारण एवं निकासी के लिए निर्माण कार्य प्रस्तावित किया गया है। समाज का कहना है कि इससे पार्क की पवित्रता और सौंदर्य प्रभावित होगा तथा क्षेत्र में गंदगी, दुर्गंध और अस्वच्छता का वातावरण बन सकता है। जैन समाज ने आरोप लगाया कि इससे पूर्व भी आस्था से जुड़े स्थलों के साथ अनुचित व्यवहार हुआ है। ज्ञापन में महावीर स्वामी चौक तोड़े जाने तथा जैन समाज की लाइब्रेरी हटाने का उल्लेख करते हुए कहा गया कि अब भगवान महावीर उद्यान को गंदे पानी की निकासी स्थल में बदलने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे समाज में रोष व्याप्त है। समाज प्रतिनिधियों ने प्रशासन से मांग की है कि भगवान महावीर पार्क की दीवार तोड़ने एवं गंदे पानी के भंडारण संबंधी प्रस्तावित निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से रोका जाए। साथ ही पार्क परिसर एवं आसपास गंदे पानी की निकासी अथवा भंडारण की योजना निरस्त कर पार्क की स्वच्छता, पवित्रता एवं संरचना को सुरक्षित रखने के निर्देश दिए जाएं। ज्ञापन में प्रशासन से जैन समाज की धार्मिक भावनाओं एवं सांस्कृतिक धरोहरों की रक्षा के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने की मांग की गई है। इस पर एडीएम ने तुरंत इस पर कार्रवाई करते हुए नोहर में हो रहे कार्य को रुकवा दिया। इस मौके पर जैन श्वेतांबर आंचलिक सभा, सकल जैन समाज, तेरापंथ सभा जंक्शन, तेरापंथ सभा टाउन, तेरापंथ सभा नोहर, अणुव्रत समिति, भारतीय जैन संगठन, तेरापंथ प्रोफेशन फॉर्म, तेरापंथ महिला मंडल नोहर, महावीर इंटरनेशनल, श्री शांतिनाथ जैन श्वेतांबर मंदिर ट्रस्ट, एसएसजैन सभा सहित अन्य संगठनों के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।
