हनुमानगढ़। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर के एक्शन प्लान एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हनुमानगढ़ के निर्देशानुसार टाउन स्थित नेहरू मेमोरियल विधि महाविद्यालय में सोमवार को एंटी-रैगिंग सप्ताह का शुभारंभ किया गया। 25 मई से 30 मई तक चलने वाले इस सप्ताह के प्रथम दिन संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय के विधिक सेवा केन्द्र प्रभारी डॉ. बृजेश अग्रवाल के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। इसका उद्देश्य महाविद्यालय परिसर में सौहार्दपूर्ण वातावरण को बढ़ावा देना तथा छात्र-छात्राओं को रैगिंग जैसी सामाजिक बुराई और उसके गंभीर परिणामों के प्रति जागरूक करना रहा।

इस मौके पर महाविद्यालय के सह-आचार्य डॉ. केबी ओझा ने कहा कि संस्थान रैगिंग-मुक्त वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से आपसी सम्मान बनाए रखने और दिशा-निर्देशों की पालना करने का आह्वान किया। साथ ही बताया कि सप्ताहभर चलने वाले अभियान के दौरान विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। संगोष्ठी में रैगिंग के सामाजिक प्रभाव, छात्र-छात्राओं पर पड़ने वाले मानसिक असर तथा इसके विरुद्ध कानूनी प्रावधानों पर भी चर्चा की गई। कार्यक्रम में सहायक आचार्य डॉ. मोहम्मद इमरान, डॉ. दिनेश खोथ, निखिल सिगची, विकास चौधरी, हरीश यादव, अशोक कुमार, क्रांति गिला, करण बंसल, नरेश कुमार, मीनाक्षी धूड़िया सहित छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

