ऐलनाबाद। केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और नीतियों को आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी कार्यालय की भजन पार्टी के कलाकारों ने शुक्रवार को जिला के गांव शेखुपुरिया में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम के दौरान विभाग की भजन पार्टी के लीडर लाला राम, रविंद्र कुमार और एमबीपी रामपाल ने ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सरकार महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना चला रही है, जिसके तहत पात्र महिलाओं को 2100 रुपये प्रतिमाह देने का प्रावधान किया गया है। कलाकारों ने भजनों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से ग्रामीणों को आयुष्मान भारत चिरायु योजना, किसान सम्मान निधि, कौशल विकास योजना, मुख्यमंत्री परिवार समृद्धि योजना, अंत्योदय परिवार उत्थान योजना और विवाह शगुन योजना सहित अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं के बारे में जागरूक किया। इस दौरान कलाकारों ने युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान करते हुए समाज में स्वस्थ और सकारात्मक वातावरण बनाने की अपील की। साथ ही पर्यावरण संरक्षण, जल बचत और पौधारोपण के महत्व पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।
संवाददाता- रमेश भार्गव
