-19 से 27 मार्च तक लगने वाले भद्रकाली मेले की तैयारियों पर सेवा समिति की बैठक
हनुमानगढ़। माता भद्रकाली मेले की तैयारियों को लेकर हनुमानगढ़ सेवा समिति (भारत क्लब) की एक महत्वपूर्ण बैठक भद्रकाली स्थित समिति कार्यालय में अध्यक्ष मदन गोपाल जिंदल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में आगामी 19 से 27 मार्च तक आयोजित होने वाले भद्रकाली मेले के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। समिति के सचिव सुनील धुडिया ने बताया कि बैठक में मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पेयजल, सुरक्षा, जूता घर, खोया-पाया केंद्र सहित कई व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करने का निर्णय लिया गया। उन्होंने बताया कि मेला क्षेत्र में सबमर्सिबल पम्प के माध्यम से पेयजल की व्यवस्था की जाएगी, ताकि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके अलावा मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को भी सुदृढ़ रखने पर विशेष जोर दिया गया है। समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जूता घर और खोया-पाया केंद्र भी स्थापित किए जाएंगे, जिससे मेले में आने वाले लोगों को बेहतर सेवाएं मिल सकें।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि समिति के मुख्य कार्यालय के पीछे प्रथम नवरात्रा से अष्टमी तक प्रतिदिन भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जहां श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की व्यवस्था रहेगी। वहीं नवमी के दिन महिला श्रद्धालुओं के लिए विशेष रूप से महिला विश्राम गृह की व्यवस्था की जाएगी, ताकि उन्हें आराम और सुविधा मिल सके। समिति के अध्यक्ष मदन गोपाल जिंदल ने बताया कि मेला क्षेत्र में समिति के कार्यालय तथा भंडारा स्थल पर श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शेड का निर्माण कराया गया है। इससे मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को बारिश और आंधी जैसी परिस्थितियों में राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि समिति का उद्देश्य मेले में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को बेहतर सुविधाएं प्रदान करना और मेले को व्यवस्थित एवं सफल बनाना है। बैठक के दौरान समिति के सदस्यों ने मेला क्षेत्र का निरीक्षण भी किया और बैठक के बाद सामूहिक रूप से सफाई अभियान चलाया। इस दौरान समिति के सदस्यों ने कार्यालय परिसर, भंडारा स्थल, जूता घर तथा मेला क्षेत्र के आसपास साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश भी दिया। बैठक में मदन गोपाल जिंदल, राम कुमार मंगवाना, सुनील धुडिया, विनोद गर्ग, अजय शर्मा, गणेश बागड़ी, डॉ. मोहनलाल, नितिन बंसल, भगवान सिंह, कृष्णावतार शर्मा, सुरेश अग्रवाल, महेश कुमार, शिव राजपुरोहित, योगेश कुमार, बजरंग सिंह, नवीन मिधा, रंजन सैन और देवी लाल पेंटर सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।

व्यवस्थाओं के लिए प्रभारियों की नियुक्ति
हनुमानगढ़ सेवा समिति द्वारा भद्रकाली मेले की व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए विभिन्न प्रभारियों की नियुक्ति भी की गई है। समिति के सचिव सुनील धुडिया ने बताया कि मेले की व्यवस्थाओं के लिए राम कुमार मंगवाना को मेला प्रभारी, सुनील धुडिया को कार्यालय प्रभारी, विनोद गर्ग को भंडारा व्यवस्था प्रभारी, मदन गोपाल जिंदल को खोया-पाया केंद्र प्रभारी, बजरंग सिंह को जूता घर प्रभारी, दीपक बागड़ी को व्हीलचेयर प्रभारी, डॉ. मोहनलाल शर्मा को चिकित्सा व्यवस्था प्रभारी तथा भगवान सिंह को सबमर्सिबल प्रभारी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा समिति के कार्यकर्ताओं की मेले के दौरान रोजाना ड्यूटी भी निर्धारित की गई है, ताकि सभी व्यवस्थाएं व्यवस्थित रूप से संचालित होती रहें और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। समिति के पदाधिकारियों ने मेले को सफल और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी सदस्यों से सक्रिय सहयोग की अपील भी की।
