हनुमानगढ़। जिला कांग्रेस कार्यालय में गुरुवार को आयोजित छात्र संवाद कार्यक्रम एवं प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भाजपा ओबीसी मोर्चा से जुड़े पदाधिकारी सुनील खटोड़ ने कांग्रेस का दामन थाम लिया। पार्टी नेताओं ने उन्हें कांग्रेस ओबीसी विभाग का जिला सचिव नियुक्त करते हुए जिम्मेदारी सौंपी। कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं ने बताया कि डबलीराठान उप तहसील क्षेत्र में भाजपा ओबीसी मोर्चा के महामंत्री पद पर कार्यरत रहे सुनील खटोड़ ने पद छोड़कर कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है। इस मौके पर उन्हें कांग्रेस ओबीसी विभाग के जिला सचिव पद का नियुक्ति पत्र तथा पार्टी का पटका पहनाकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में पीसीसी महासचिव और जिला प्रभारी एवं रतनगढ़ विधायक पूसाराम गोदारा, पीलीबंगा विधायक विनोद गोठवाल, नोहर विधायक अमित चाचाण, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मनीष मक्कासर, पूर्व अध्यक्ष सुरेंद्र दादरी, बालचंद ज्याणी, गुरदीप चहल तथा मनमोहन सोनी मौजूद रहे। नेताओं ने उम्मीद जताई कि सुनील खटोड़ के कांग्रेस में शामिल होने से संगठन को मजबूती मिलेगी और ओबीसी वर्ग के बीच पार्टी की पकड़ और मजबूत होगी। इस मौके पर अनिल सुथार, मोहनलाल इंदलिया, आशीष बिश्नोई, विजय टाक, संदीप दालीवाल तथा मांगीलाल स्वामी सहित कांग्रेस पार्टी के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
