– भाजपा नेता अमित सहू बोले-60 वार्डां में चल रहा सर्वे, निष्ठावान कार्यकर्ता पार्टी प्रत्याशी के साथ खड़े रहेंगे, एक-दो दिन में टिकटों का ऐलान
हनुमानगढ़। आगामी 11 सितंबर को होने वाले नगर परिषद हनुमानगढ़ के चुनाव को लेकर भाजपा ने प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया तेज कर दी है। भाजपा युवा नेता अमित सहू ने बताया कि पार्टी की ओर से अपने स्तर पर नगर परिषद के सभी 60 वार्डां में सर्वे करवाया जा रहा है। सर्वे में अच्छी छवि, पार्टी के प्रति निष्ठा और जीत की संभावनाओं को आधार बनाकर प्रत्याशियों का चयन किया जाएगा। अमित सहू ने कहा कि सर्वे में जो उम्मीदवार अपने वार्ड में सबसे मजबूत स्थिति में रहेगा, उसे पार्टी की ओर से टिकट देने को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने दावा किया कि भाजपा अच्छे अंतर से नगर परिषद में अपना बोर्ड बनाएगी। सहू ने कहा कि भाजपा के सभी कार्यकर्ता पार्टी के प्रति निष्ठावान हैं और कार्यकर्ता बागी शब्द नहीं जानते। पार्टी जिस भी कार्यकर्ता को टिकट देगी, उस वार्ड से टिकट की मांग कर रहे अन्य सभी कार्यकर्ता भी उसके साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा कि टिकट वितरण से पहले सभी संबंधित लोगों से बातचीत की जाएगी और सर्वे के आधार पर निर्णय लिया जाएगा। उनके अनुसार पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच इस प्रक्रिया को लेकर सहमति है।

पार्टी का परिवार विशाल, लौटने वालों का भी स्वागत
अमित सहू ने कहा कि भाजपा का परिवार विशाल है। जो व्यक्ति पार्टी के प्रति निष्ठा रखता है और शहर के समग्र विकास की सोच के साथ काम करना चाहता है, उसका भाजपा में स्वागत है। उन्होंने कहा कि यदि किसी वार्ड का कोई कार्यकर्ता किसी कारण से पार्टी से दूर चला गया था और अब अपनी भूल सुधारना चाहता है, पार्टी के प्रति निष्ठा व्यक्त करता है तथा संगठन की मदद करना चाहता है तो ऐसे लोगों का भी स्वागत किया जाएगा।

निर्दलीय प्रत्याशियों को लेकर विधायक पर साधा निशाना
निर्दलीय विधायक गणेश राज बंसल की ओर से प्रत्येक वार्ड में निर्दलीय प्रत्याशी उतारने से भाजपा को होने वाले संभावित नुकसान के सवाल पर अमित सहू ने कहा कि निर्दलीय प्रत्याशी की कोई स्पष्ट पहचान नहीं होती कि वह किसके साथ है। उन्होंने कहा कि केवल किसी व्यक्ति की फोटो लगाकर किसी तरह की राजनीतिक छाप बनाने की कोशिश नहीं की जा सकती। सहू ने आरोप लगाया कि विधायक अपने परिवार के लोगों को अलग-अलग वार्डां में चुनाव मैदान में उतार रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि कार्यकर्ताओं के हितों पर कुठाराघात होगा तो संगठन के लिए इसे स्वीकार करना संभव नहीं होगा। उन्होंने कहा कि निर्दलीय विधायक स्वयं कह रहे हैं कि वे भाजपा से जुड़े हुए नहीं हैं, ऐसे में वे भाजपा के कार्यकर्ता नहीं हैं।

एक-दो दिन में टिकट फाइनल होने का दावा
भाजपा की बैठकों में कार्यकर्ताओं की भागीदारी के सवाल पर सहू ने कहा कि पार्टी के निष्ठावान कार्यकर्ताओं को बैठकों में बुलाया जाता है। उन्होंने दावा किया कि सभी वार्डां में प्रत्याशियों को लेकर मंथन अंतिम दौर में है और एक-दो दिन में भाजपा की सभी टिकटें फाइनल हो जाएंगी। उन्होंने कहा कि पार्टी सर्वे और कार्यकर्ताओं से चर्चा के आधार पर मजबूत प्रत्याशियों को मैदान में उतारेगी और नगर परिषद में भाजपा का बोर्ड बनाने के लक्ष्य के साथ चुनाव लड़ेगी।

