हनुमानगढ़। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार हनुमानगढ़ के वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. भारत भूषण शर्मा को पार्टी का प्रदेश कार्यसमिति सदस्य नियुक्त किया गया है। उनके साथ पूर्व जिला प्रमुख दमयंती बेनीवाल को भी प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बनाया गया है। इसके अतिरिक्त पूर्व विधायक धर्मेंद्र मोची, अभिषेक मटोरिया एवं पूर्व जिला अध्यक्ष काशीराम को विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस नियुक्ति के बाद जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। बुधवार को भाजपा जिला अध्यक्ष प्रमोद देलू के नेतृत्व में जिला कार्यालय में डॉ. शर्मा का भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण कर एवं मिठाई खिलाकर उन्हें शुभकामनाएं दीं।

स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. भारत भूषण शर्मा ने प्रदेश नेतृत्व एवं जिला अध्यक्ष का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने जो दायित्व सौंपा है, उसे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण भाव से निभाया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की मजबूती के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। ज्ञात रहे कि डॉ. शर्मा लंबे समय से पार्टी संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं और विभिन्न दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर चुके हैं। उनके संगठनात्मक अनुभव, कार्यशैली और सक्रियता को देखते हुए प्रदेश नेतृत्व ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। कार्यक्रम में वक्ताओं ने विश्वास जताया कि डॉ. शर्मा की नियुक्ति से जिले में संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और जनसेवा के कार्यों को गति मिलेगी। अंत में सभी पदाधिकारियों ने नव-नियुक्त सदस्यों को बधाई देते हुए संगठन विस्तार का संकल्प लिया।
