– वार्ड 56, 57, 58, 60 और नई खुंजा में नशे के बढ़ते प्रचलन पर जताई चिंता, एसपी ने कार्रवाई का दिया भरोसा
हनुमानगढ़। भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को नवागत पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य का बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा भेंटकर स्वागत किया। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने जिले में बढ़ रहे चिट्टे के कारोबार और नशे की समस्या पर चिंता जताते हुए प्रभावी कार्रवाई की मांग की। भीम आर्मी के प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल मेघवाल ने पुलिस अधीक्षक को बताया कि हनुमानगढ़ जंक्शन के वार्ड नंबर 56, 57, 58, 60 तथा नई खुंजा क्षेत्र में चिट्टे का कारोबार तेजी से फैल रहा है। उनका आरोप था कि कई नाबालिग बच्चे भी नशे की गिरफ्त में आ चुके हैं और ओवरडोज के कारण कई युवाओं की मौतें हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि नशे की लत के कारण क्षेत्र में अपराधों में भी बढ़ोतरी हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ पुलिस कर्मियों की कथित मिलीभगत के चलते नशा तस्करों के हौसले बुलंद हैं। संगठन ने मांग की कि चिट्टा बेचने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से बचाया जा सके। इस पर पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ प्रभावी और ठोस कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर भीम आर्मी भारत एकता मिशन टीम राजस्थान प्रदेश सचिव सुभाष आलड़िया, जिलाध्यक्ष संतोष पूनिया, तहसील अध्यक्ष सुखपाल कौर, जिला प्रभारी वीरपाल सहित कई अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
