हनुमानगढ़। ग्राम पंचायत मक्कासर के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में एमएफटी योजना के अंतर्गत विधायक कोटे से बनने वाले दो नए कमरों का विधिवत शिलान्यास किया गया। खास बात यह रही कि निर्माण कार्य की शुरुआत र्इंट भट्ठे पर काम करने वाले मजदूर की बेटी के हाथों नींव पत्थर रखवाकर की गई। इन कमरों का निर्माण करीब 15 लाख रुपए की लागत से ग्राम पंचायत के माध्यम से करवाया जाएगा। इस मौके पर ग्राम पंचायत प्रशासक बलदेव सिंह, प्रधानाचार्य विमला चौधरी सहित गांव के गणमान्य नागरिक, एसडीएमसी सदस्य एवं विद्यालय स्टाफ मौजूद रहा। शिलान्यास के बाद विद्यालय परिसर में मेगा पीटीएम का आयोजन किया गया, साथ ही प्रवेशोत्सव का शुभारंभ भी हुआ। इस दौरान कक्षा 1 से 4 एवं 6, 7 व 9 का परीक्षा परिणाम घोषित किया गया। पीटीएम में कई अभिभावकों ने हिस्सा लिया।

विद्यालय स्टाफ ने अभिभावकों को उनके बच्चों की वार्षिक शैक्षणिक प्रगति से अवगत कराया और बेहतर शिक्षा के लिए सुझाव भी दिए। ग्राम पंचायत प्रशासक बलदेव सिंह ने कहा कि विद्यालय के विकास के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा। विभिन्न योजनाओं के तहत आवश्यक प्रस्ताव भेजकर विकास कार्य करवाए जाएंगे, ताकि यहां से पढ़ने वाले बच्चे अपने अभिभावकों और गुरुजनों का नाम रोशन कर सकें। प्रधानाचार्य विमला चौधरी ने कहा कि दो नए कमरे मिलना खुशी की बात है, लेकिन विद्यालय की जरूरतें अभी भी पूरी नहीं हुई हैं। उन्होंने बताया कि सुचारू अध्यापन के लिए चार-पांच और कमरों की आवश्यकता है। साथ ही मुख्य द्वार और लाइब्रेरी के लिए बड़े हॉल की भी जरूरत है, जिससे नामांकन में भी वृद्धि होगी। उन्होंने बताया कि प्रवेशोत्सव के तहत स्टाफ की ओर से हाउस होल्ड सर्वे किया जाएगा और घर-घर जाकर बच्चों को विद्यालय से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। लक्ष्य है कि 6 से 14 वर्ष का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। इस मौके पर एसडीएमसी सदस्य राजेन्द्र स्याग, सुभाष मक्कासर, वार्ड पंच जगदीश तंवर, सतीश कुमार, भजन सिंह, गुरदीप सिंह, देवीलाल झाझड़िया, सत्यनारायण शर्मा, भूराराम शर्मा, आशीष शर्मा सहित स्कूल स्टाफ मौजूद रहा।
