
हनुमानगढ़। ठण्डी छांव सेवा समिति सदस्यों की ओर से मंगलवार को टाउन स्थित राजकीय जिला चिकित्सालय के बाहर मरीजों के लिए दूध, दलिया, बिस्किट, खिचड़ी, ब्रेड का निशुल्क वितरण किया गया। इस दौरान समिति की ओर से जंक्शन की सब्जी मण्डी स्थित आशापुरा जनरल स्टोर के लालचन्द व चेतनदास परिवार के सहयोग से अस्पताल में भर्ती जरूरतमंद परिवारों की प्रसूताओं एवं बच्चों के लिए टोपी, शॉल, स्वेटर सहित अन्य गर्म वस्त्र वितरित किए गए। समिति अध्यक्ष दीपक कुमार खन्ना ने कहा कि सर्द ऋतु में समिति की यह सेवा पिछले तीन साल से अधिक समय से चली आ रही है। समिति की ओर से पर्यावरण को बचाने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को शिक्षा से जोड़ा जा रहा है।
