
हनुमानगढ़। टाउन स्थित लिटल हार्ट पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रांगण में मंगलवार को दो दिवसीय वार्षिक खेल महोत्सव स्पोर्ट्स कार्निवल का आगाज हुआ। उद्घाटन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. पारस जैन ने खेल महोत्सव की विधिवत शुरुआत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता एडीईओ अजय भार्गव ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों की ओर से ध्वजारोहण एवं मशाल प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद मार्च पास्ट प्रस्तुत किया तथा सभी खिलाड़ियों को खेल भावना की शपथ दिलाई गई। पहले दिन दौड़, रिले रेस, लंबी कूद, कबड्डी, खो-खो एवं अन्य खेलों का आयोजन किया गया। बुधवार को खेल महोत्सव का समारोहपूर्वक समापन होगा। इस मौके पर विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा। मुख्य अतिथि डॉ. पारस जैन ने अपने संबोधन में कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक एवं नैतिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं तथा जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए अनुशासन और परिश्रम की भावना विकसित करते हैं। विशिष्ट अतिथि अजय भार्गव ने खेलों को व्यक्तित्व निर्माण का सशक्त माध्यम बताते हुए विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की प्रेरणा दी। विद्यालय निदेशक विकास गोयल ने कहा कि सीनियर सेकेंडरी स्तर पर खेल विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने की योग्यता एवं आत्मविश्वास का विकास करते हैं। उनका विद्यालय शिक्षा के साथ-साथ खेलों को समान महत्व देकर विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। विद्यालय की ओर से हर वर्ष बच्चों को खेल भावना के साथ खेलने, पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी रुचि रखने तथा खेल क्षेत्र में अपना भविष्य बनाकर परिवार, विद्यालय और देश का नाम रोशन करने के लिए प्रोत्साहित करने के मकसद से खेल महोत्सव का आयोजन किया जाता है।

