
हनुमानगढ़। श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय के अधीनस्थ कृषि विभाग की ओर से राष्ट्रीय किसान दिवस के मौके पर मंगलवार को संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नायब तहसीलदार रणवीर सिंह, विशिष्ट अतिथि जय नारायण बेनीवाल, दयाराम जाखड़, अजय जग्गा, नरेन्द्र यादव एवं कृष्ण कड़वासरा थे। श्री गुरु गोबिंद सिंह चैरिटेबल ट्रस्ट अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा ने अपने संबोधन में कहा कि किसान का बेटा ही किसान के लिए सही मायनों में कार्य कर सकता है। सरकार केवल नीतियों का क्रियान्वयन कर सकती है, लेकिन उन्हें सफल बनाने के लिए किसानों को स्वयं प्रयास करने होंगे। उन्होंने बताया कि किसानों की आय वृद्धि के लिए विश्वविद्यालय समय-समय पर संगोष्ठियों का आयोजन कर उन्हें जागरूक कर रहा है। इसी कड़ी में गत वर्ष की भांति फरवरी 2026 में भी अंतरराष्ट्रीय स्तर का कृषि मेला आयोजित किया जाएगा। मुख्य अतिथि नायब तहसीलदार रणवीर सिंह ने कहा कि सबसे बड़ा वैज्ञानिक स्वयं कृषक होता है। कृषि और आयुर्वेद का प्राचीन संबंध रहा है। शिक्षा के साथ कृषि क्षेत्र में हो रहे नवाचार निश्चित रूप से स्थानीय व बाहरी किसानों की आय वृद्धि में सहायक सिद्ध होंगे। जय नारायण बेनीवाल ने कहा कि किसान की समस्या किसान ही भली-भांति समझ सकता है। यदि गोबर से खाद बनाकर उसका सही उपयोग किया जाए तो खेती में निश्चित रूप से सुधार होगा। खेती भूमि की मजबूती पर भी निर्भर करती है। दयाराम जाखड़ ने कहा कि चौधरी चरण सिंह ने अपने जीवनकाल में किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए अनेक प्रयास किए। किसान दिवस हमें यह सोचने का अवसर देता है कि हम किस प्रकार की खेती कर रहे हैं और क्या नए नवाचार अपना रहे हैं। उन्होंने किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास करने पर बल दिया और स्वयं की ओर से किए गए कृषि नवाचारों की जानकारी साझा की। इस मौके पर प्रगतिशील किसान के रूप में बलवेंद्र राम, भजन लाल शर्मा, सुखराम, दीनू कुमार, रविन्द्र जीत सिंह, बलविन्द्र सिंह, सर्वजीत सिंह, मनिन्द्र सिंह, नरेन्द्र यादव सहित अन्य किसानों का सम्मान किया गया। किसानों को केंचुआ खाद का वितरण भी किया गया। आरएसएलडीसी के सहयोग से आयोजित तीन माह के गार्डनर कोर्स में स्किल महादेव फाउंडेशन के 56 छात्र-छात्राओं के उत्तीर्ण होने पर उन्हें प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं सुनीता (पांचवां सेमेस्टर) एवं प्रवीण (तृतीय सेमेस्टर) को अधिकतम उपस्थिति दर्ज कराने पर मैक्सिमम अटेंडेंस अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के आयोजन में डॉ. अभिनव कुमार, डॉ. अंकित कुमार सहित कृषि संकाय सदस्यों का सहयोग रहा। मंच संचालन छात्रा मुस्कान ने किया।

