रावतसर। रावतसर स्थित महंत प्रेम नाथ जी महाराज आश्रम में श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण के बीच पूज्य महंत प्रेम नाथ जी महाराज की 12वीं वर्षोदी के पावन अवसर पर भव्य धार्मिक आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम 27 अप्रैल 2026, सोमवार (वैशाख सुदी मोहिनी एकादशी) की रात्रि में संत महाराज के सानिध्य में आयोजित होगा। इस अवसर पर भव्य भजन-कीर्तन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालुजन प्रभु नाम संकीर्तन में भाग लेकर भक्ति रस में सराबोर होंगे। संतों के श्रीमुख से निकले भजनों की मधुर ध्वनि से पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत हो जाएगा और श्रद्धालुओं के मन में शांति एवं भक्ति का संचार होगा।

आश्रम के महंत बालक नाथ जी ने बताया कि कार्यक्रम के अगले दिन 28 अप्रैल 2026, मंगलवार (वैशाख सुदी द्वादशी) को प्रातः काल श्रद्धालुओं के लिए मोहिनी प्रसाद का वितरण किया जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में भक्तजन प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त करेंगे। इसी दिन संतों की विदाई भी श्रद्धा और सम्मान के साथ की जाएगी। उन्होंने बताया कि यह आयोजन केवल धार्मिक कार्यक्रम ही नहीं, बल्कि गुरु भक्ति, संत सम्मान और आध्यात्मिक एकता का अनुपम संगम है। आश्रम परिवार की ओर से समस्त श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस दिव्य आयोजन में भाग लें और पूज्य महंत जी के आशीर्वाद से अपने जीवन को धन्य बनाएं।
संवाददाता- नरेश सिगची
