हनुमानगढ़। महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय (अंग्रेजी माध्यम) तथा राजकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इस संबंध में माध्यमिक शिक्षा राजस्थान, बीकानेर निदेशक सीताराम जाट (आईएएस) की ओर से सभी जिलों के मुख्य जिला शिक्षा अधिकारियों एवं महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय (अंग्रेजी माध्यम)/राजकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों के संस्था प्रधानों को निर्देश जारी किए गए हैं। जारी कार्यक्रम के अनुसार प्रवेश के लिए 11 मार्च को विज्ञप्ति जारी की गई है। इसके बाद अभिभावक 14 मार्च से 23 मार्च तक ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकेंगे। आवेदन प्रक्रिया शाला दर्पण पोर्टल और क्यूआर कोड के माध्यम से पूरी की जाएगी। निर्देशों के अनुसार 24 मार्च को प्राप्त आवेदनों की सूची कक्षावार तैयार कर विद्यालयों के नोटिस बोर्ड पर चस्पा की जाएगी। इसके बाद 25 मार्च को लॉटरी के माध्यम से विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। लॉटरी में चयनित विद्यार्थियों की सूची 27 मार्च को विद्यालय के नोटिस बोर्ड पर जारी की जाएगी। चयनित विद्यार्थियों का प्रवेश कार्य 28 मार्च से शुरू होगा, जबकि नए सत्र के लिए शिक्षण कार्य 1 अप्रैल से प्रारंभ किया जाएगा। शिक्षा विभाग ने सभी विद्यालयों को निर्देश दिए हैं कि प्रवेश प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए तथा अभिभावकों को कार्यक्रम की जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।
25 मार्च तक जारी होगा परीक्षा परिणाम
अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी अजय भार्गव ने बताया कि वर्तमान में बोर्ड परीक्षाएं चल रही हैं। 25 मार्च तक कक्षा 10वीं और 12वीं का परीक्षा परिणाम जारी किए जाने के निर्देश प्राप्त हुए हैं। इसके बाद 1 अप्रैल से नया शैक्षणिक सत्र शुरू होगा। उन्होंने बताया कि नर्सरी की सभी रिक्त सीटें भरी जाएंगी, जबकि अन्य कक्षाओं में सीटों से अधिक आवेदन आने पर लॉटरी के माध्यम से चयन किया जाएगा। गाइडलाइन के अनुसार कक्षा 1 से 5 तक 30 विद्यार्थी, कक्षा 6 से 8 तक 35 विद्यार्थी तथा कक्षा 9 से 12 तक 60 विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा। अजय भार्गव ने यह भी बताया कि हनुमानगढ़ में कक्षा 10वीं और 12वीं की कॉपी मूल्यांकन प्रक्रिया पूरे प्रदेश में पहले स्थान पर चल रही है और निर्धारित समय सीमा से पहले ही सभी कार्य पूरे कर लिए जाएंगे।
