-महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस सक्रिय, रेलवे स्टेशन पर चलाया जागरूकता अभियान
हनुमानगढ़। महिला सुरक्षा और जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कालिका पेट्रोलिंग यूनिट-4, हनुमानगढ़ की ओर से रेलवे स्टेशन हनुमानगढ़ जंक्शन पर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान महिला कांस्टेबल सुमनबाला ने स्टेशन पर मौजूद महिलाओं को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी और विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के बारे में विस्तार से बताया। अभियान के दौरान महिला कांस्टेबल सुमनबाला ने महिलाओं को “राजकोप सिटीजन एप” डाउनलोड करवाया और एप के उपयोग तथा इससे मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि इस एप के माध्यम से आम नागरिक पुलिस से सीधे संपर्क कर सकते हैं और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता प्राप्त कर सकते हैं। इसके साथ ही उन्होंने साइबर अपराधों से बचाव को लेकर भी महिलाओं को जागरूक किया और साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ ऑनलाइन ठगी या साइबर फ्रॉड होता है तो तुरंत इस नंबर पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है, जिससे समय रहते कार्रवाई संभव हो सके।

महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गरिमा हेल्पलाइन नंबर 1090 की जानकारी भी दी गई। इस हेल्पलाइन के माध्यम से महिलाएं किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न या परेशानी की स्थिति में सहायता प्राप्त कर सकती हैं। इसके अलावा बच्चों की सुरक्षा से संबंधित चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 के बारे में भी बताया गया, जिससे जरूरतमंद बच्चों की मदद की जा सके। कार्यक्रम के दौरान आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112 की उपयोगिता पर भी प्रकाश डाला गया। महिला कांस्टेबल ने बताया कि किसी भी आपात स्थिति में 112 नंबर पर कॉल कर तुरंत पुलिस सहायता प्राप्त की जा सकती है।

अभियान के अंत में स्टेशन परिसर में मौजूद लोगों को यातायात नियमों के पालन के प्रति भी जागरूक किया गया। उन्हें सुरक्षित यात्रा करने, नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देने का संदेश दिया गया। इस जागरूकता कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा से जुड़े संसाधनों के प्रति सजग करना था, ताकि वे किसी भी संकट की स्थिति में तुरंत सहायता प्राप्त कर सकें।
