हनुमानगढ़। मां भद्रकाली क्षेत्र विकास सेवा समिति की ओर से क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली और उन्नति की कामना को लेकर रविवार को 23वें भंडारे एवं हवनयज्ञ का आयोजन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ किया गया। आयोजन में समिति पदाधिकारियों, सदस्यों और क्षेत्र के किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत हवन संपन्न हुआ, जिसमें किसानों और समिति सदस्यों ने हवनकुंड में पवित्र आहुतियां अर्पित कर अच्छी फसल, क्षेत्र की समृद्धि तथा प्राकृतिक आपदाओं से रक्षा की प्रार्थना की। धार्मिक आयोजन के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। समिति अध्यक्ष भगवान सिंह खूड़ी ने बताया कि समिति प्रत्येक वर्ष क्षेत्र की खुशहाली एवं किसानों की समृद्धि के लिए इस धार्मिक परंपरा का आयोजन करती है। उन्होंने कहा कि किसानों की सामूहिक भागीदारी इस आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता है, जो सामाजिक एकता और भाईचारे को भी मजबूत करती है। हवन के बाद श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें देसी घी का हलवा, काले चने और चावल का प्रसाद वितरित किया गया। समिति के अनुसार इस वर्ष लगभग 22 से 25 मन प्रसाद का वितरण किया गया। इस अवसर पर हनुमान सिंह खूड़ी, बजरंग सिंह, ओम भादू, करनैल सिंह, राजेंद्र कुमार, महेंद्र सिलू, दलपत सिंह, बलदेव सिंह सहित अनेक किसान, समिति पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
