हनुमानगढ़। टाउन के निकट अमरपुरा थेहड़ी स्थित ऐतिहासिक मां भद्रकाली मंदिर में गुरुवार को चैत्र नवरात्र के अवसर पर आठ दिवसीय मेले का विधिवत शुभारंभ हुआ। मेले का उद्घाटन जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव की ओर से घट स्थापना और मां भद्रकाली की पूजा-अर्चना के साथ किया गया।

जिला कलक्टर ने मंदिर में माथा टेककर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस दौरान एसडीएम मांगीलाल सुथार भी साथ रहे। यह मेला 27 मार्च को नवमी के दिन समापन होगा। हर वर्ष की तरह इस बार भी राजस्थान सहित पड़ोसी राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। हालांकि, बारिश के कारण शुरुआती दिन कुछ व्यवस्थाएं प्रभावित रहीं, जिससे श्रद्धालुओं को असुविधा का सामना करना पड़ा।

उद्घाटन के बाद जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव ने मेले की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

वहीं नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीणा ने भी कार्यभार संभालने के बाद मंदिर में पहुंचकर मां भद्रकाली के दर्शन किए। इसके बाद मेला स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविन्द बिश्नोई, डीएसपी मीनाक्षी, टाउन थाना प्रभारी अशोक बिश्नोई, जंक्शन थाना प्रभारी रामचन्द्र कस्वां और यातायात प्रभारी अनिल चिन्दा मौजूद रहे।



प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने देवस्थान विभाग को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित रहें। देवस्थान विभाग के सहायक आयुक्त ओमप्रकाश पालीवाल ने आश्वस्त किया कि मौसम साफ होते ही व्यवस्थाओं को और बेहतर किया जाएगा।
सेवा कार्यां की शुरुआत
मेले के दौरान हनुमानगढ़ सेवा समिति (भारत क्लब) की ओर से नौ दिवसीय सेवा शिविर की शुरुआत की गई। जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव ने फीता काटकर शिविर का शुभारंभ किया। वहीं समाजसेवी नीरज सिंघल व डॉ. मनीष सिंघल ने भंडारे की शुरुआत की। समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए खोया-पाया केन्द्र, कंट्रोल रूम, जूता घर, चिकित्सा व पेयजल व्यवस्था सहित सुगम दर्शन की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

समिति अध्यक्ष मदन गोपाल जिंदल ने बताया कि आठ दिनों तक नि:शुल्क शुद्ध देसी घी का भंडारा सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक चलेगा। इस मौके पर लेखाकार अजय धूड़िया, समिति सचिव सुनील धूड़िया, कोषाध्यक्ष अनिल जिन्दल, विनोद गर्ग, भगवान सिंह खुड़ी, प्रेम पारीक, बालकृष्ण गोल्याण, मनीशंकर जलंधरा, बजरंग सिंह, विकास कालड़ा, रमेश काठपाल, डॉ. मोहनलाल शर्मा, देवीलाल पेंटर, शिव राजपुरोहित, विश्वनाथ सैनी, जितेन्द्र जिंदल, नवीन मिड्ढा, महेश कुमार, नितिन बंसल, चंचल पारीक, योगेश कुमार, डॉ. संतोख सिंह, गणेश बागड़ी, दीपक बागड़ी, कालू कश्यप, रंजन सैन मौजूद रहे।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
डीएसपी मीनाक्षी के अनुसार मेला स्थल पर अस्थायी पुलिस चौकी स्थापित की गई है, जहां करीब एक हजार की संख्या में पुलिस बल तैनात रहेगा। इसके अलावा आरएसी, सादा वर्दी में पुलिसकर्मी और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी निगरानी रखी जा रही है।

यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए विशेष योजना बनाई गई है। भारी वाहनों की पार्किंग मेला स्थल से 500 मीटर दूर निर्धारित की गई है। अष्टमी और नवमी के अवसर पर विशेष ट्रैफिक प्रबंधन किया जाएगा। पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत कंट्रोल रूम को दें, ताकि मेले को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाया जा सके।
