हनुमानगढ़। टाउन क्षेत्र की बरकत कॉलोनी, वार्ड नंबर 45 में मारपीट और पथराव की घटनाओं को लेकर शनिवार को वार्ड के लोग टाउन थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। इस संबंध में दीपक पुत्र राजकुमार पासवान तथा शम्भू दास पुत्र सूरज दास की ओर से पुलिस को अलग-अलग प्रार्थना-पत्र देकर घटनाओं की जानकारी दी गई। दीपक पासवान ने पुलिस को दिए प्रार्थना-पत्र में बताया कि 2 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे उसका भांजा विवेक अकेला घर आ रहा था। आरोप है कि निलम्बर दास के घर के बाहर सोहेल, गोपाल, अजीत, निखिल, कुन्दन, श्रवण, नीतीश सहित अन्य लोगों ने उसका रास्ता रोककर मारपीट की। विवेक के पिता बसीट पासवान और छोटे भाई अभिषेक ने बीच-बचाव किया तो उनके साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने घर पर चढ़कर ईंटें फेंकी, जिससे तीनों को चोटें आईं। घायलों को सरकारी जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए श्रीगंगानगर रेफर कर दिया। इसके बाद तीनों को श्रीगंगानगर के जनसेवा अस्पताल में भर्ती करवाया गया। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि बाद में आरोपी पक्ष के लोग उसके घर के आगे भी ईंट-पत्थर फेंकने लगे और जान से मारने की धमकी देकर गए। घटना के बाद परिवार ने जान-माल का खतरा बताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। वहीं, शम्भू दास ने अपने प्रार्थना-पत्र में आरोप लगाया कि 2 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे वह अपनी पत्नी के साथ घर जा रहा था। निलम्बर दास के घर के बाहर बैठे कुछ युवकों ने उसके साथ गाली-गलौज की तथा आरोप है कि निलम्बर दास ने उसके ऊपर ईंटें फेंककर चोट पहुंचाई। शम्भू दास के अनुसार उसकी पत्नी ने बीच-बचाव किया। उसने आरोप लगाया कि निलम्बर दास और उसके साथ रहने वाले युवकों से मोहल्ले के लोग परेशान हैं तथा आए दिन विवाद और गाली-गलौज की घटनाएं होती रहती हैं। दोनों प्रार्थना-पत्रों में पुलिस से मामले दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने तथा सुरक्षा उपलब्ध करवाने की मांग की गई। वार्ड 45 के लोगों ने भी टाउन थाने पहुंचकर घटनाओं को लेकर रोष जताया और पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
