-गौर-ईशर पूजन के साथ मनाया गया जिलास्तरीय गणगौर उत्सव
हनुमानगढ़। जिला माहेश्वरी सभा की ओर से जिलास्तरीय गणगौर उत्सव का भव्य आयोजन उत्साह और पारंपरिक उल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं ने पारंपरिक राजस्थानी वेशभूषा में भाग लेकर उत्सव की गरिमा को और बढ़ा दिया। पूरे आयोजन के दौरान गणगौर माता और ईशर भगवान के प्रति श्रद्धा, संस्कृति और सामूहिक एकता का सुंदर संदेश देखने को मिला। कार्यक्रम की शुरुआत जिलाध्यक्ष संजू बिहाणी, जिला सचिव निधि लखोटिया, संगरिया अध्यक्ष सरोज राठी, पीलीबंगा अध्यक्ष कुसुम मूंधड़ा, नोहर अध्यक्ष सुशीला राठी, रावतसर अध्यक्ष इंदु बिहाणी तथा जिला उपाध्यक्ष राजकुमारी करवा के सानिध्य में हुई। इस अवसर पर गौर-ईशर का विधिवत पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष निर्मला पेड़ीवाल, पुष्पा लखोटिया, कौशल्या लखोटिया, इंदु बिहाणी, उषा करवा और हंसा चितलांगिया द्वारा किया गया। जिलाध्यक्ष संजू बिहाणी ने अपने कार्यकाल के दौरान किए गए विभिन्न सामाजिक और जागरूकता कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महिला मंडल द्वारा आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर, साड़ी परिधान जागरूकता कार्यक्रम, ‘कान्हा बनो’ प्रतियोगिता सहित कई सामाजिक और सेवा गतिविधियों का सफल आयोजन किया गया। इन आयोजनों का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देना रहा है। गणगौर उत्सव के दौरान महिलाओं ने पारंपरिक लोकगीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से राजस्थान की समृद्ध संस्कृति को जीवंत कर दिया। रंग-बिरंगी पारंपरिक वेशभूषा और श्रृंगार से सजी महिलाओं ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई और उत्सव को यादगार बना दिया। कार्यक्रम का मंच संचालन निधि लखोटिया और सुमन पेड़ीवाल ने प्रभावी ढंग से किया। आयोजन के दौरान अतिथियों का स्वागत किया गया तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाली प्रतिभागियों को सम्मानित कर पुरस्कार प्रदान किए गए। उत्सव के अंत में सभी उपस्थित महिलाओं ने सामूहिक रूप से गणगौर माता की आराधना कर समाज की खुशहाली, समृद्धि और सुख-शांति की कामना की। यह आयोजन सामाजिक एकता, सांस्कृतिक परंपराओं और महिला सशक्तिकरण का प्रतीक बनकर सामने आया।
