हनुमानगढ़। अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद के तत्वावधान में तेरापंथ युवक परिषद हनुमानगढ़ की ओर से गुरुवार को अध्यक्ष अनुराग बांठिया के नेतृत्व में टाउन स्थित तेरापंथ भवन में मेगा ब्लड डोनेशन ड्राइव का आयोजन किया गया। शिविर में युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए रक्तदान किया। शिविर का विधिवत शुभारंभ जैन संस्कारक विधि के माध्यम से हुआ। शिविर में जिला अस्पताल के ब्लड बैंक की टीम ने प्रदीप शाक्य की अगुवाई में रक्त संग्रहण किया। आयोजन के दौरान डॉक्टर फॉर सोसाइटी की ओर से डॉ. विक्रम जैन एवं सचिव नरेश संकलेचा की प्रेरणा से पर्यावरण संरक्षण को लेकर प्लास्टिक मुक्त कैंप भी आयोजित किया गया। शिविर में प्लास्टिक की किसी भी वस्तु का उपयोग नहीं किया गया। तेरापंथ युवक परिषद की ओर से 21 सितंबर को गांव धोलीपाल में भी रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद के तत्वावधान में देश-विदेश में दस दिनों तक इस प्रकार के रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। संस्था की ओर से प्रतिवर्ष रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाता है। इस मौके पर जैन संस्कारक संजय कुमार जैन ने शिविर के आयोजन के लिए तेरापंथ युवक परिषद को साधुवाद दिया।
