टिब्बी। कस्बे के महात्मा गांधी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय (अंग्रेजी माध्यम) में शुक्रवार को प्रवेशोत्सव के उपलक्ष्य में भव्य एवं उत्साहपूर्ण रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की विशेष आकर्षण यह रही कि बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सजी-धजी बग्घी और रथ पर बैठाकर पूरे कस्बे में घुमाया गया। रैली से पूर्व विद्यालय परिसर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें अतिथियों द्वारा अव्वल विद्यार्थियों को पारंपरिक साफा पहनाकर एवं माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया। इसके पश्चात गाजे-बाजे के साथ निकली रैली में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और नाचते-गाते हुए शिक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। इस अवसर पर समग्र शिक्षा की अतिरिक्त परियोजना समन्वयक सुनीता भटेजा, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी राजेश कुमार अरोड़ा एवं प्रधानाचार्य जगदीश कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में महंगा सिंह ढिल्लों, महावीर सिंह सिसोदिया, कुलवंत सुथार, सुरजीत खीचड़ एवं मनीष अरोड़ा सहित कई गणमान्य नागरिकों ने भी भागीदारी निभाई। वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के आयोजन न केवल मेधावी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हैं, बल्कि सरकारी विद्यालयों के प्रति आमजन का विश्वास भी सुदृढ़ करते हैं तथा अन्य विद्यार्थियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा देते हैं।
