– ब्रह्माकुमारी संस्थान के सहयोग से चार दिवसीय अभियान शुरू-युवाओं को नशे से दूर रहने का दिया संदेश
रावतसर। कस्बे में नशा मुक्त समाज के संकल्प को साकार करने की दिशा में “मेरा भारत नशा मुक्त भारत अभियान” के तहत एक व्यापक जनजागरण कार्यक्रम की शुरुआत हुई। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के सेवा केंद्र में माउंट आबू से पहुंचा नशा मुक्ति प्रदर्शनी वाहन इस अभियान का मुख्य आकर्षण रहा, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसमें थाना प्रभारी ईश्वरानन्द शर्मा, चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुभाष भीड़ासरा, एडवोकेट अर्जुन राम धुंधाड़ा, देवीलाल मटोरिया, भान सिंह, दयाराम सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी ने समाज को नशा मुक्त बनाने का संकल्प लेते हुए अभियान को सफल बनाने की अपील की। थाना प्रभारी ईश्वरानन्द शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि नशा आज समाज के सामने गंभीर चुनौती बन चुका है, जिसे खत्म करने के लिए पुलिस और समाज को मिलकर प्रयास करने होंगे। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की। अभियान के तहत शहर के मुख्य मार्गों पर जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें युवाओं, विद्यार्थियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में बैनर और स्लोगन लेकर “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो” और “स्वस्थ समाज, समृद्ध देश” जैसे संदेशों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया। इसके साथ ही विभिन्न शिक्षण संस्थानों पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय और एमडी स्कूल में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने बताया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। अभियान से जुड़े यात्री नितेश (जबलपुर) ने अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को नशा मुक्त रहने की शपथ दिलाई। वहीं अनीता बहन ने राजयोग मेडिटेशन का अभ्यास करवाकर मानसिक शांति और आत्मबल बढ़ाने का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में नीलिमा बहन ने बताया कि यह अभियान आगामी चार दिनों तक रावतसर के विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थलों पर जारी रहेगा। प्रदर्शनी वाहन के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों पर आधारित फिल्में दिखाई जा रही हैं, जिससे लोगों को जागरूक किया जा सके। आज शाम 4 से 6 बजे तक पुराने सिनेमा हॉल बाजार में और रात 7 से 8 बजे तक खेतरपाल धाम में भी फिल्म प्रदर्शन किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इस अभियान से जुड़ सकें। आयोजकों ने आमजन से अपील की है कि वे इस अभियान में भाग लेकर स्वयं नशे से दूर रहें और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करें। यह पहल रावतसर क्षेत्र में नशा मुक्त समाज की दिशा में एक मजबूत और सकारात्मक कदम मानी जा रही है।
संवाददाता जगत जोशी
