हनुमानगढ़। लखूवाली गांव में एक युवक और उसके साथी के साथ मारपीट, लूटपाट तथा जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित की रिपोर्ट पर टाउन थाना पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार लखूवाली निवासी 24 वर्षीय फिरोज खान पुत्र शौकिन ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि 27 मई की रात करीब 8 बजे वह अपने दोस्त अनवर पुत्र शरीफ के साथ 9 आरपी स्थित खेत से मोटर साइकिल पर घर लौट रहा था। भट्ठा बस्ती के पास रानी के घर की ओर से आई एक पिकअप ने उनका रास्ता रोक लिया। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि पिकअप में सवार इरफान उर्फ फान पुत्र काले खान, आसीफ पुत्र नूर जहां, फतेह खान पुत्र बरकत अली, शेटी और शंकर वाल्मीकि ने एकराय होकर दोनों के साथ मारपीट शुरू कर दी। फिरोज खान का आरोप है कि इरफान के पास देशी पिस्टल थी, जबकि आसीफ लाठी और गंडासी लेकर आया था। आरोपियों ने हथियारों से हमला कर उसे चोटें पहुंचाई तथा उसके साथी अनवर को गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिससे उसका हाथ टूट गया। शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया तथा जेब में रखे 1700 रुपए नकद, चांदी की चेन और आधार सहित अन्य दस्तावेज छीन लिए। घटना के बाद आरोपियों ने पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। टाउन थाना पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच लखूवाली पुलिस चौकी के एएसआई जसवंत सिंह को सौंपी गई है। पुलिस आरोपों की जांच कर रही है।
