चारणवासी। सरकार के निर्देशानुसार नोहर डिवीजन के पहले ‘किसान-विभाग संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन शनिवार को रतनपुरा हेड पर किया गया। एनपी 4 अध्यक्ष इंद्राज पटीर की उपस्थिति और एईएन मनदीप सिंह की मध्यस्थता में हुए इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया। संवाद के दौरान एईएन मनदीप सिंह ने किसानों से बदलती खेती की तकनीक अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कम पानी वाली फसलों की बिजाई करने, अधिक से अधिक डिग्गी निर्माण करवाने और बकाया आबियाना समय पर जमा करवाने का आग्रह किया। विशेष रूप से महिला किसानों को प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा कि खेती के साथ-साथ पशुपालन अपनाकर महिलाएं अपनी आर्थिक स्थिति को और सुदृढ़ कर सकती हैं। अध्यक्ष इंद्राज पटीर ने किसानों को सिंचाई प्रणाली में हो रहे सुधारों और भावी योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान किसानों ने भी अपनी समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा। कार्यक्रम में क्षेत्र के पुरुष व महिला किसान बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
