हनुमानगढ़। शिक्षा के क्षेत्र में सराहनीय पहल करते हुए श्री अमरनाथ सेवा समिति ने गुरुवार को टाउन शहर के पंजाबी मोहल्ले स्थित महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय में 15&20 फीट के नए कक्ष के निर्माण का विधिवत शिलान्यास किया। शिलान्यास समारोह के दौरान समिति के प्रधान सूरजभान मित्तल, सचिव इंद्रजीत चराया, उपाध्यक्ष पवन सिंगला, सहसचिव हैप्पी गुम्बर, कोषाध्यक्ष गोविंद सोमानी, राजकुमार चुघ, कृष्ण मदान, रजत बंसल, भोला सिंह सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में पूर्व वार्ड पार्षद एवं भाजपा जिला महामंत्री प्रदीप ऐरी, विद्यालय की प्रधानाचार्य प्रवीण नागपाल, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक जितेंद्र बठला, सीबीईओ काशीराम सहारण, एसीबीईओ दीपक मिड्ढा, रमेश गुम्बर सहित अन्य गणमान्य अतिथि भी शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई। विशेष बात यह रही कि नए कक्ष की नींव विद्यालय की बालिकाओं के कर-कमलों से रखवाई गई, जिससे बेटियों की शिक्षा को प्राथमिकता देने का सकारात्मक संदेश दिया गया। प्रधानाचार्य प्रवीण नागपाल ने बताया कि विद्यालय में कक्षों की कमी को देखते हुए राज्य सरकार की समसा योजना के तहत दो कक्षों का निर्माण कराया जा रहा है, जबकि एक अतिरिक्त कक्ष का निर्माण श्री अमरनाथ सेवा समिति की ओर से किया जा रहा है। आज तीनों कक्षों की नींव रखी गई। उन्होंने समिति का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे पूर्व भी समिति की ओर से विद्यालय को निरंतर सहयोग मिलता रहा है और भविष्य में भी ऐसे सहयोग की अपेक्षा है। नए कक्ष के निर्माण से विद्यार्थियों के बैठने और अध्ययन की व्यवस्था में सुधार होगा, जिससे शैक्षणिक वातावरण बेहतर बनेगा। इस दौरान विद्यालय स्टाफ में गगनदीप कौर, संजय, हरप्रीत सिंह, पवन कुमार, प्रियंका, विपुल कुमार, विशाल कुमार, राजेंद्र कौर सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।
