हनुमानगढ़। राजकीय नेहरू मेमोरियल महाविद्यालय में रविवार को राजस्थान दिवस सप्ताह के उपलक्ष्य में विविध शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय प्राचार्य प्रो. राम पाल अहरोदिया की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा नेता अमित सहू उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य प्रो. राम पाल अहरोदिया द्वारा अतिथियों के स्वागत एवं सम्मान के साथ किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए ‘विकसित भारत’ विषय पर भाषण, निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। साथ ही ‘राजस्थान को जाने’ विषय पर डिजिटल क्विज प्रतियोगिता के रजिस्ट्रेशन कार्यक्रम का भी शुभारंभ किया गया।

डिजिटल क्विज रजिस्ट्रेशन का शुभारंभ मुख्य अतिथि अमित सहू ने किया। मुख्य अतिथि अमित सहू ने अपने संबोधन में राजस्थान सरकार द्वारा राज्य के आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारतीय कैलेंडर के अनुसार राजस्थान दिवस मनाना राज्य की परंपराओं और संस्कृति को सहेजने की दिशा में सराहनीय पहल है। उन्होंने विद्यार्थियों को राज्य के इतिहास, संस्कृति और विकास से जुड़कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के उपनिदेशक आशीष सिंहाग ने राजस्थान सरकार द्वारा डिजिटल और उद्यमिता के क्षेत्र में संचालित विभिन्न योजनाओं और पहलों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को डिजिटल तकनीक और स्टार्टअप के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा दी तथा युवाओं में उद्यमिता की भावना विकसित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। इस अवसर पर मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी पन्नालाल कडेला ने विद्यार्थियों को राजस्थान दिवस सप्ताह के अंतर्गत आयोजित विभिन्न गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने और उनमें आत्मविश्वास बढ़ाने का कार्य करती हैं।

महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. राम पाल अहरोदिया ने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिताओं के परिणामों में निबंध प्रतियोगिता में पल्लवी व मोहनलाल (बीए तृतीय सेमेस्टर) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि उजमन (तृतीय सेमेस्टर) द्वितीय और खुशबू (तृतीय सेमेस्टर) तृतीय स्थान पर रहे। भाषण प्रतियोगिता में क्रिश व भीमसेन (बीएससी पंचम सेमेस्टर) प्रथम, सुनीता व भागीरथ (एमए प्रथम सेमेस्टर) द्वितीय तथा पूजा व चन्द्रपाल (बीएससी पंचम सेमेस्टर) तृतीय स्थान पर रहे। चित्रकला प्रतियोगिता में पूर्वा व प्रदीप कुमार ने प्रथम, सपना व कैलाश ने द्वितीय तथा प्रियंका व रामकुमार ने तृतीय स्थान हासिल किया। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य और मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी ने विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के वरिष्ठ संकाय सदस्य डॉ. भावना, डॉ. सिद्धार्थ राव, डॉ. अर्चना गोदारा, विनोद कुमार, जयप्रकाश, गुरमेल सिंह, सोहनलाल सहित अन्य संकाय सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन श्रीमती किरण ढिल्ल और श्रीमती भागवंती ने किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
